Noida News: नोएडा के सेक्टर-75 स्थित एक सोसायटी में रहने वाले दंपती के साथ ऑनलाइन एप के माध्यम से नौकरानी रखने के बाद चोरी की वारदात सामने आई है. आरोप है कि नौकरानी ने काम के दौरान घर से हीरे की अंगूठी चोरी कर ली और उसके बाद मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गई. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
स्नैबिट एप से किया था संपर्क
सेक्टर-75 की सोसायटी निवासी निशांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ‘स्नैबिट एप’ के जरिये नौकरानी सरिता को काम पर रखा था. बीते दिन उनकी पत्नी ने काम के दौरान अपनी हीरे की अंगूठी टेबल पर रख दी थी और किसी अन्य काम में व्यस्त हो गई. इस दौरान सरिता घर में सफाई कर रही थी. कुछ देर बाद जब निशांत की पत्नी ने अंगूठी पहननी चाही तो वह गायब मिली.
शक होने पर किया फोन
निशांत ने बताया कि शक होने पर उन्होंने सरिता को फोन कर पूछा तो उसने अंगूठी लेने से इनकार किया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसका फोन बंद हो गया. इसके बाद उन्होंने सोसायटी में पूछताछ की और मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस से की.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि एप के जरिए सहायिका की सत्यापन प्रक्रिया और पते की जानकारी की जांच की जा रही है. पुलिस स्नैबिट एप से भी संबंधित विवरण मांग रही है ताकि आरोपी महिला का पता लगाया जा सके.