उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर की एक विशेष सांसद/विधायक अदालत सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के एक मामले में फैसला सुनाएगी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी अदालत में मौजूद रहेंगे. कोर्ट में पेश होने के लिए राहुल गांधी सोमवार सुबह सुलतानपुर के लिए रवाना हो चुके हैं.
क्या है मामला
यह मामला 2018 में भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक स्थानीय भाजपा नेता ने मुकदमा दर्ज कराया था. शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि 13 अक्टूबर को विशेष सांसद-विधायक अदालत के न्यायाधीश शुभम वर्मा ने इस मामले में फैसला सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की थी. उन्होंने कहा कि रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सोमवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा.
किसने कराई थी शिकायत
भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने चार अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप है कि गांधी ने उसी वर्ष बेंगलुरु में एक चुनावी सभा के दौरान अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. अदालत ने 27 नवंबर 2023 को गांधी को मुकदमे का सामना करने के लिए तलब किया था. इसके बाद वह अदालत में पेश हुए थे, जहां उन्हें जमानत मिल गई थी.
बाद में मिश्रा ने राहुल गांधी के आवाज के नमूने का मिलान कराने की अर्जी दी थी, जिसे निचली अदालत ने खारिज कर दिया था. इसके खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका को सत्र अदालत ने भी खारिज कर दिया. इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी दोनों अदालतों के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी.
चौथी बार होंगे खुद पेश
गांधी इस मामले में 26 अक्टूबर को अदालत में चौथी बार व्यक्तिगत रूप से पेश हो सकते हैं. सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि सोमवार को गांधी के लखनऊ से सड़क मार्ग से सुलतानपुर आने का कार्यक्रम है और उनके 10 बजे तक आने की संभावना है. उन्होंने बताया कि इस दौरान दीवानी न्यायालय में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया जा रहा है.