Live Updates
14:23 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: लखनऊ में डिप्टी CM के घर में भरा नाले का पानी, सफाई में जुटा नगर निगम

लखनऊ के 7-कालिदास मार्ग स्थित उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास के बाहर सीवर जाम होने से गंदा पानी भर गया। शिकायत के बाद नगर निगम ने जेट मशीन से सफाई अभियान शुरू किया। मौके पर कर्मचारी नाले और सीवर की सफाई कर जलभराव की समस्या दूर करने में जुटे हैं।

13:32 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: लखनऊ में बूथ स्तर पर बैठक, मतदाता जागरूकता पर जोर

लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित इब्राहिमपुर द्वितीय वार्ड में बूथ स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता जागरूकता, नए मतदाताओं को जोड़ने और मतदान के महत्व पर चर्चा हुई। क्षेत्रीय विकास और समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए नागरिकों से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की गई।

12:40 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: लखनऊ विश्वविद्यालय में योग दिवस की भव्य तैयारी, कला प्रांगण में जुटेंगे छात्र-शिक्षक

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय में तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 जून को कला संकाय प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जो सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। इसमें छात्र, शिक्षक, कर्मचारी और अन्य प्रतिभागी योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, फिटनेस और जागरूकता का संदेश देंगे।

11:58 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: मोहर्रम पर लखनऊ में हाई अलर्ट, 5 जोन और 18 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था

मोहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पूरे शहर को 5 जोन और 18 सेक्टर में बांटकर हजारों पुलिसकर्मियों, पीएसी, ड्रोन और सीसीटीवी की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और यातायात प्रबंधन के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

11:38 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: यूपी की आर्थिक ताकत बन रहा लखनऊ, जीडीपी में 5.56% योगदान

उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में लखनऊ अहम भूमिका निभा रहा है। राजधानी की अर्थव्यवस्था 1.68 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है और प्रदेश की कुल जीडीपी में इसका 5.56 प्रतिशत योगदान है। आर्थिक गतिविधियों के तेजी से बढ़ने के कारण लखनऊ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

11:09 (IST) 18 Jun 2026
Lucknow Today News Live: पीजीआई में डॉक्टरों की कमी दूर, सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं होंगी मजबूत

लखनऊ के एसजीपीजीआई में 87 नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति से चिकित्सा सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलेगी। तीन प्रोफेसर, आठ एसोसिएट प्रोफेसर और 76 असिस्टेंट प्रोफेसर के शामिल होने से सुपर स्पेशियलिटी विभागों में इलाज बेहतर होगा और मरीजों का इंतजार भी कम होगा।

Lucknow Today News Live: राजधानी लखनऊ में आज मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और सुबह से ही सूर्य देवता के कड़े तेवर देखने को मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद शहर का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. आसमान पूरी तरह साफ होने की वजह से तेज धूप सीधे जमीन पर आ रही है, जिससे दोपहर के समय लोगों को तपती और जलती हुई गर्म हवाओं यानी लू का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के इस टॉर्चर के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं. फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है.

लखनऊ में आज सोने का भाव

लखनऊ के सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव देखा गया है. आज यानी 18 जून को लखनऊ में 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव 1,51,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है. वहीं आभूषण बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,640 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है. इसके अलावा अगर आप 18 कैरेट सोने की कीमत देखें तो यह 1,13,460 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बनी हुई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों और स्थानीय मांग के चलते सोने के ये भाव बिना टैक्स और मेकिंग चार्ज के हैं.

यह भी पढ़ें: Lucknow की स्पेलिंग क्यों नहीं है Lakhnau? 99% लोग नहीं जानते हैं जवाब; दिलचस्प है कहानी

पीजीआई को मिले 87 विशेषज्ञ डॉक्टर

संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में लंबे समय से चल रही डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए प्रशासन ने 87 नए संकाय सदस्यों की नियुक्ति कर दी है. संस्थान के निदेशक ने इस बड़ी सीधी भर्ती का परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें तीन प्रोफेसर, आठ एसोसिएट प्रोफेसर और 76 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल किए गए हैं. इन विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने से पीजीआई के विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की चिकित्सा सेवाओं को एक नई मजबूती मिलेगी. अब लखनऊ और आसपास के जिलों से आने वाले गंभीर मरीजों को ओपीडी में दिखाने और ऑपरेशन करवाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

ऐतिहासिक इमामबाड़े से निकला पारंपरिक शाही जुलूस

मोहर्रम की पहली तारीख को लखनऊ के ऐतिहासिक बड़े इमामबाड़े से छोटे इमामबाड़े तक पारंपरिक और भव्य शाही जुलूस निकाला गया. करीब 250 साल पुरानी इस शाही रवायत का नेतृत्व नवाबों के वंशज नवाब मसूद अब्दुल्ला ने किया. हुसैनाबाद ट्रस्ट की देखरेख में निकले इस जुलूस में शाही बैंड, ऊंट, दुलदुल और अलम के साथ अकीदतमंदों ने कर्बला के शहीदों को याद किया. जुलूस मार्ग पर ईरान के सर्वोच्च नेता की तस्वीरों वाले बैनर भी दिखाई दिए. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवान पूरे रास्ते मुस्तैद रहे और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी के बीच यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न हुआ.

लखनऊ की हर लेटेस्ट खबर के लिए न्यूज24 से जुड़े रहें...