स्मृति ईरानी ने कसा था 'जीजा जी' पर तंज, अमेठी में लग गए रॉबर्ट वाड्रा के पोस्टर

Lok Sabha Election 2024: अमेठी में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अभी तक अपना उम्मीदवार फाइनल नहीं कर पाई है। इस बीच भाजपा और अमेठी से उसकी प्रत्याशी स्मृति ईरानी लगातार गांधी परिवार को निशाने पर ले रहे हैं। इस बीच अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर रॉबर्ट वाड्रा के पोस्टर लग गए हैं, जिनमें उन्हें अमेठी से कांग्रेस का उम्मीदवार बताया जा रहा है। पोस्टर्स में सौजन्य अमेठी की जनता को दिया गया है।

Smriti Irani

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (एएनआई)

Amethi Lok Sabha Election 2024 : केंद्रीय मंत्री और अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने मंगलवार को राहुल गांधी और उनके जीजा रॉबर्ट वाड्रा पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने जनता को वाड्रा से सावधान रहने की सलाह दी थी। इसके एक दिन बाद ही बुधवार को अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर रॉबर्ट वाड्रा के पोस्टर लग गए।

क्या बोली थीं स्मृति ईरानी

जगदीशपुर विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान ईरानी ने कहा था कांग्रेस के कार्यकर्ता पहले साले साहब (राहुल गांधी) को मांग रहे थे और अब जीजा जी (रॉबर्ट वाड्रा) की मांग कर रहे हैं। जीजा जी आएंगे, उनकी नजर जगदीशपुर है। जीजा जी आएं तो बाग के कागज छिपा लेना, घर के कागज भी छिपा लेना। बता दें कि कांग्रेस ने अमेठी से अभी प्रत्याशी तय नहीं किया है।

‘चाहे जीजा हो या साला…’

उल्लेखनीय है कि अमेठी लोकसभा सीट एक समय में कांग्रेस की गढ़ हुआ करती थी, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी से स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराकर जीत दर्ज की थी। इस बार कांग्रेस ने अभी तक यहां अपने प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यह भी कहा कि चाहे जीजा हो या साला, अमेठी का हर वोटर है मोदी का मतवाला।

फिर चला अटकलों का दौर

अमेठी सीट पर कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी का ऐलान किए जाने का इंतजार पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जनता को भी है। अटकलें हैं कि इस बार फिर राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ सकते हैं। केरल की वायनाड सीट से वह नामांकन कर चुके हैं लेकिन अमेठी पर स्पष्ट जानकारी नहीं है। उधर, अमेठी में लगे वाड्रा के पोस्टर्स ने अटकलों का नया दौर शुरू कर दिया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ