Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब और सख्ती बरतने लगा है। प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) ने बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया और एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
80 मीटर रोड पर पहली कार्रवाई
पहली कार्रवाई सेक्टर चाई-फाई के पास 80 मीटर रोड पर की गई। टीम ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे कूड़ा फेंकते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कूड़ा फैलाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया और 50,000 का जुर्माना लगाया गया। वाहन स्वामी द्वारा जुर्माने की राशि जमा करने पर ही उसे छोड़ा जाएगा।
टिपर वाहन पकड़ा
दूसरी कार्रवाई सेक्टर जू-3 में की गई जहां एक टिपर वाहन को अवैध रूप से कूड़ा फेंकते हुए पकड़ा गया। इस पर भी 50,000 का जुर्माना लगाकर वाहन को जब्त कर लिया गया। जांच में पता चला है कि यह लोग कई बार नियमों का उल्लंघन कर चुके है। इस बार प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है।
प्राधिकरण ने दी चेतावनी
स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक आरके भारती ने जानकारी दी कि क्यूआरटी की टीम लगातार फील्ड में गश्त कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति या संस्था सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
एसीईओ ने की अपील
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने जनता से अपील करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा को साफ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। नागरिक कूड़ा सिर्फ निर्धारित डस्टबिन में ही डालें और स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनें।