गाजियाबाद के मोदीनगर में रहने वाली एक युवती को साइबर अपराधियों ने अपना निशाना बनाया है। आरोपियों ने युवती के सऊदी अरब में रहने वाले भाई को पुलिस गिरफ्त में बताकर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों ने कई खातों में युवती को डर दिखाकर रुपये ट्रांसफर कराए गए है। कुछ समय बाद युवती की अपने भाई से संपर्क हुआ तो ठगी की बात सामने आई। इस मामले में पीड़िता ने मोदीनगर के भोजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाई के नाम पर की धोखाधड़ी
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में साइदा अपने परिवार के साथ रहती है। बताया गया है कि साईदा का एक छोटा भाई सऊदी अरब में रहकर नौकरी करता है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि कुछ समय पहले उनके पास एक अंजान मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हे अपना नाम उनके भाई के नाम पर हैदर बताया। आरोपियों ने उन्हे झांसे में लेने के लिए कहा कि उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से छुटने के लिए कुछ रकम चाहिए। जिस समय आरोपियों ने उन्हे फोन किया तो पीड़िता ने अपने भाई का नंबर मिलाया, मगर उस समय नंबर बंद आ रहा था।
अलग-अलग अकाउंट में मंगवाए रुपये
साईदा ने पुलिस से बताया कि आरोपियों ने उन्हे अपने झांसे में ले लिया और व्हाट्सअप पर अलग-अलग अकाउंट नंबर भेजकर उनसे लगभग 2.18 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद कुछ दिनों पहले साईदा का अपने भाई हैदर से संपर्क हुआ तो उनके भाई ने उन्हे बताया कि उन्हे पुलिस ने नहीं पकड़ा था। पीड़िता का कहना है आरोपी अभी भी उसे फोन करके ओर रुपये भेजने का दबाव बना रहें है। ठगी की जानकारी होने पर पीड़िता ने भोजपुर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।