उत्तराखंड के चमोली में बादल फटने से तमक में BRO का पुल बह गया है. बताया जा रहा है कि एक ही जगह पर तीन बार बादल फटा है. इसकी वजह से तमक के पास उफनती नदी में वैली ब्रिज बह गया, जिसकी वजह से चमोली में नीती घाटी का संपर्क टूट गया है. इस घटना से 17 से ज्यादा गांव प्रभावित हुई हैं. यह जगह जोशीमठ से करीब 37 किलोमीटर आगे है.
अचानक नदी में आया उफान
नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, उफनती नदी के तेज बहाव की चपेट में हाल ही में बना वैली ब्रिज बह गया. पुल के बहने से नीति घाटी का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक ही इलाके में तीन बार बादल फटा है. पुल के बहने से ग्रामीणों की आवाजाही के साथ-साथ जरूरी सामान की सप्लाई भी प्रभावित हुई है.
अभी प्रशासन ने लोगों से नीति घाटी की ओर यात्रा नहीं करने की अपील की है. प्रशासन और राहत-बचाव टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. बारिश और उफनती नदी को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
कैमरे में कैद हुआ हादसा
पुल बहने का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह अचानक नदी में पानी आता और लोहे का बने हुए पुल को कागज की तरह अपने साथ ले जाता है. इतना भारी पुल किसी हल्की चीज की तरह पानी पर तैरता हुआ दिख रहा है.
चार जिलों में था ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने रविवार को सोमवार के लिए देहरादून सहित चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के साथ ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था. मौसम विभाग ने कहा था कि देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, इन जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अत्यधिक तीव्र वर्षा होने की संभावना भी व्यक्त की गयी थी.
इसके अलावा, प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया था. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बागेश्वर जिले में सोमवार को 12वीं कक्षा तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.