Rajasthan Churu Fire Accident Youth Burnt Alive: राजस्थान के चूरू में एक बड़ा हादसा हो गया, जहां मिठाई के कारखाने में आग लगने से एक कारीगर की जिंदा जलकर मौत हो गई, वहीं एक अन्य कारीगर गंभीर रूप से घायल हो गया है। कारखाने में कोल्ड स्टोरेज के बॉयलर में शॉर्ट सर्किट के बाद लगी आग ने देखते ही देखते पूरे कारखाने को चपेट में ले लिया।
शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग
इस हादसे को लेकर कारखाने के मालिक सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि राम मंदिर के सामने उनका मिठाई का कारखाना है, जिसमें रविवार दोपहर में 4 से 5 कारीगर काम कर रहे थे। अचानक कोल्ड स्टोरेज के बॉयलर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और आग ने कुछ ही समय में भीषण रूप ले लिया।
हादसे में जिंदा जल गया युवक
इस दुर्घटना में कारखाने में काम करने वाला डूंगरगढ़ (बीकानेर) के बापेउ का रहने वाला मुकेश सारण (24) जिंदा जल गया। जबकि वहीं, समोसा तल रहा गोपीचंद नाई (20) निवासी रामसीसर भेड़वालिया गंभीर रूप से झुलस गया है। गोपीचंद को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। कारखाने में काम कर रहे बाकी कारीगर जान बचाकर भागने में कामयाब रहे।
आसमान में दिख रहा था धुंआ ही धुंआ
चूरू के डीएसपी जयप्रकाश अटल ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि 4-5 किमी दूर से ही धुआं दिखाई दे रहा था और इसे लेकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था। वहीं, कोतवाली थानाधिकारी अरविन्द कुमार भारद्वाज ने बताया कि नगर परिषद से पहुंची दमकल के द्वारा आग पर काबू पाया। कारखाना मालिक सतीश कुमार शर्मा के अनुसार, इस आगजनी में करीब 60 से 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।