Cyclone Biparjoy: बिपरजाॅय के कारण 5 हजार लोग शिफ्ट, 14 ट्रेनें रद्द, 2 फ्लाइट कैंसिल, कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Cyclone Biparjoy: बिपरजाॅय तूफान के कारण प्रदेश में शुक्रवार सुबह से हो रही बारिश शनिवार सुबह भी जारी रही। शनिवार सुबह प्रदेश के गुजरात से सटे जिलों बाड़मेर, सिरोही, उदयपुर, जालौर, जोधपुर में बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में जालौर, सिरोही और बाड़मेर में 4 से 5 इंच तक बरसात हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को बाड़मेर, जालौर, सिरोही और पाली जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने पाकिस्तान बाॅर्डर से सटे बाड़मेर की 5 तहसीलों के 5 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है। इसके अलावा रेलवे ने बाड़मेर से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं।

बिपरजाॅय के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई। बाड़मेर के सेड़वा, सिरोही के माउंट आबू में 5-5 इंच बारिश दर्ज की गई। सिरोही शहर में 27 मिमी. तक बारिश हुई। वहीं जोधपुर, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, जैसलमेर, टोंक, राजसमंद समेत अनेक जिलों में 30 मिमी तक बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश चूरू के बीदासर में 76 मिमी. दर्ज की गई।

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में बिपरजाॅय तूफान का असर रविवार तक रहेगा। तूफान का असर अब प्रदेश के पड़ोसी राज्यों में भी देखा जा सकता है। तूफान के कारण एमपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं तूफान और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई गांवों में शुक्रवार रात से ही बिजली नहीं है। जिसके कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर पश्चिमी रेलवे ने जोधपुर-बाड़मेर, बाड़मेर-मुनाबाव, जोधपुर-भीलड़ी, जोधपुर-पालनपुर और अमृतसर-गांधी धाम के बीच चलने वाली 14 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। उदयपुर से मुबंई और दिल्ली जाने वाली दो फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। वहीं मौसम विभाग ने आज जोधपुर में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थाओं, कोचिंग संस्थाओं, जिम, पर्यटन स्थलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
#WATCH | Rajasthan: Udaipur witnesses Cyclone 'Biparjoy' impact; glass fell from the second floor, and a car was damaged#CycloneBiparjoy pic.twitter.com/7uoAHMLSnO
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) June 17, 2023
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज बाड़मेर, जालौर, सिरोही, और पाली में 200 मिमी या उससे ज्यादा बारिश होने की आशंका जताते हुए रेल अलर्ट जारी किया है। जोधपुर, नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद और उदयपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

18 जून को अजमेर में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है। जबकि नागौर, पाली, भीलवाड़ा, जयपुर, टोंक, बूंदी और सवाई माधोपुर जिलों केे लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं 19 जून को इस सिस्टम का असर पूर्वी राजस्थान में दिखेगा। जिसके कारण सवाई माधोपुर, करौली और बारां जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: