पंजाब सरकार के राजस्व में 14 प्रतिशत का इजाफा, मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताई वजह

Punjab Government Revenue: पंजाब सरकार के राजस्व में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार लगभग 14 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। जीएसटी में 16 प्रतिशत, जबकि आबकारी राजस्व में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है। यह जानकारी वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी।

Punjab Government GST Excise Revenue CM Bhagwant Mann

पंजाब सरकार के राजस्व में 14 प्रतिशत का इजाफा (फाइल फोटो)

Punjab Government GST Excise Revenue:  वित्तीय वर्ष 2022-23 के मुकाबले चालू वित्तीय वर्ष में फरवरी के अंत तक वस्तु और सेवा कर (GST) में 15.69 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही, आबकारी राजस्व में भी 11.71 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यह जानकारी राज्य के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने दी।  उन्होंने कहा कि मार्च 2022 में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के कार्यभार संभालने के बाद राज्य में काफी वित्तीय सुधार हुए हैं।

पिछले साल की तुलना में 2606.98 करोड़ ज्यादा मिली जीएसटी

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में फरवरी तक जितना GST मिला है, वह 2022-23 की इसी अवधि के दौरान इकट्ठा किए गए 16615.52 करोड़ रुपये के मुकाबले 2606.98 करोड़ ज्यादा है। इस वित्तीय वर्ष कुल 19222.5 करोड़ रुपये जीएसटी मिला है। मंत्री ने बताया कि इस साल आबकारी से 8093.59 करोड़ रुपये की आय हुई है, जो पिछले वित्तीय वर्ष में इसी अवधि के दौरान मिले 7244.87 करोड़ रुपये से 842.72 करोड़ रुपये ज्यादा है।

राजस्व में 13.85 प्रतिशत का इजाफा

हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब ने फरवरी के अंत तक VAT, CST, GST, PSDT और आबकारी से 34,158 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया है।  उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष शुद्ध कर राजस्व में 13.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह आंकड़े सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की तरफ से हमारी सरकार में रखे भरोसे को दर्शाते हैं। सरकार इस राजस्व का इस्तेमाल जन सेवाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और समाज भलाई के लिए करेगी।

SIPU और GST  प्राइम पोर्टल का जिक्र

वित्त मंत्री चीमा ने राज्य सरकार  की तरफ से शुरू किए गए स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रीवैंटिव यूनिट (SIPU) और GST  प्राइम पोर्टल की शुरुआत का हवाला देते हुए कहा कि प्रौद्यौगिकी द्वारा संचालित प्रणाली के लागू होने से GST और आबकारी राजस्व  में सुधार हुआ है। वित्त मंत्री ने कहा कि जीएसटी और आबकारी संग्रह में यह बेमिसाल बढ़ोतरी अच्छे वित्तीय प्रबंधन के लिए हमारी सरकार की अटूट वचनबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने कर प्रशासन को आसान बनाया है, चोरी को रोका है और एक कारोबार अनुकूल माहौल बनाया है, जिससे कर में इजाफा हुआ है।

‘बिल लाओ, इनाम पाओ’ में शामिल हों लोग

चीमा ने कहा कि पंजाब सरकार के राजस्व में इजाफा आबकारी और कराधान विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ लोगों के अटूट सहयोग के कारण संभव हुई है। उन्होंने लोगों से कर चोरी को खत्म करने के लिए ‘बिल लाओ, इनाम पाओ’ जैसे कदमों में सक्रियता के साथ हिस्सा लेने की अपील की।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Achyut Kumar

Achyut Kumar

अच्युत कुमार द्विवेदी न्यूज 24 वेबसाइट में 19 दिसंबर 2023 से कार्यरत हैं। लगभग 6 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं। इन्होंने अभी तक ईटीवी भारत, प्रभात खबर और जागरण न्यू मीडिया जैसे संस्थानों में काम किया है। इससे पहले, लखनऊ से संचालित इंडिया वाच और यूपी पत्रिका डॉट कॉम में काम किया था। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर लेखन का अनुभव रखते हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ