Chandigarh News: पट्टी से शिमला के लिए शुरू हुई रोडवेज की बस सर्विस, परिवहन मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

चंडीगढ़ से अमित पांडेय की रिपोर्टः पंजाब के परिवहन मंत्री सरदार लालजीत सिंह भुल्लर ने रविवार को पट्टी से शिमला के बीच रोडवेज़ बस सेवा की शुरुआत की। बस को हरी झंडी दिखाने के बाद कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजाब के विभिन्न शहरों से अन्य राज्यों की ओर बसें चलाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पंजाब रोडवेज़ की यह बस पट्टी बस स्टैंड से सुबह 10.20 बजे चलेगी और वाया अमृतसर, जालंधर और चंडीगढ़ होते हुए रात 10.30 बजे शिमला पहुँचेगी। इसी तरह अगले दिन सुबह 7.10 बजे शिमला से चलकर उसी रास्ते वापसी करेगी और शाम करीब 7.30 बजे पट्टी पहुँचेगी। बस का एक तरफ़ का किराया 585 रुपए निर्धारित किया गया है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि पंजाब रोडवेज़ ने बीते वित्तीय वर्ष के दौरान आमदनी में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान पंजाब रोडवेज़ को 700.88 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है, जो वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 547.08 करोड़ रुपए थी। उन्होंने बताया कि 153.80 करोड़ रुपए की यह वृद्धि 28.11 प्रतिशत बनती है। उन्होंने कहा कि पंजाब रोडवेज़ की आमदनी में निरंतर वृद्धि हो रही है और अगले दिनों के दौरान अन्य शहरों से भी बसें चलाई जाएंगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि वह लोगों की माँग के अनुसार ज़रूरत वाले स्थानों से बसें चलाने को प्राथमिकता दें, जिससे लोगों को सस्ती और किफ़ायती बस सेवा मुहैया करवाई जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मान की पारदर्शी नीतियों के स्वरूप परिवहन विभाग तरक्की की राह पर है और इस रफ़्तार को और अधिक तेज़ करते हुए विभाग को नई बुलन्दियों पर पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मान सरकार ने प्राईवेट बस माफिया की कमर तोड़ते हुए पंजाब से दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक तीन गुना कम किराए पर बस सेवा शुरू की है और अब राज्य के विभिन्न ज़िलों से करीब 25 बसें दिल्ली हवाई अड्डे के लिए चलती हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: