'जब-जब दुष्टों-अत्याचारियों का प्रभाव बढ़ा.. तब-तब...' गोरखपुर पहुंचे नितिन गडकरी ने CM योगी की भगवान कृष्ण से की तुलना
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Gotakhpur: केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार (13 मार्च) को कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था का आदर्श स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश की बदली तस्वीर और यहां बड़े पैमाने पर हो रहे निवेश से स्पष्ट है कि योगी के नेतृत्व में यूपी हिंदुस्तान का सबसे सुखी, समृद्ध और संपन्न प्रदेश बनेगा।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को गोरखपुर (Gorakhpur) में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की 18 परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने यूपी की सड़कों को अमेरिका जैसी बनाने की अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि 2014 के बाद यूपी में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई दोगुनी बढ़ गई है। वर्ष 2024 के अंत तक यूपी में पांच लाख करोड़ रुपये से सड़कों का काम किया जाएगा।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1635251913020280832
केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग की पूर्ण, निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं की सिलसिलेवार विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में यूपी की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी।
उन्होंने कहा कि बाबा गोरक्षनाथ की इस पावन भूमि पर लोकार्पित और शिलान्यास हो रही इन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए हम कटिबद्ध हैं।
नितिन गडकरी ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी गरीबी दूर करने के साथ लोक कल्याण के लिए आदर्श रामराज्य की स्थापना कर रहे हैं। देश और उत्तर प्रदेश की जनता इसे महसूस भी कर रही है। उनके नेतृत्व में देश और यूपी में बदलाव हो रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के मंत्र से देश दुनिया की नंबर वन महाशक्ति बनेगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कानून व्यवस्था और विकास के पैमाने पर सीएम योगी की तारीफ करते हुए उनकी तुलना भगवान श्रीकृष्ण से की है। कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भागवत गीता में यह कहा है कि जब-जब दुष्ट प्रवृत्ति, समाज के लिए घातक, अन्यायी व अत्याचारी लोगों का प्रभाव बढ़ता है, तो लोगों की रक्षा के लिए मैं अवतार लेता हूं।
उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में योगी ने सज्जनों के रक्षार्थ दुर्जनों के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं। योगी के शासन में सज्जनों में आत्मविश्वास बढ़ा है। दुर्जनों पर प्रहार भगवान श्रीकृष्ण का संदेश था।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: