सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान के मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई (CBI) ने अपनी एफआईआर में कई बॉलीवुड और राजनीतिक हस्तियों का नाम शामिल किया, जिसमें से एक शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी हैं. अब उद्धव ठाकरे ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए, सीबीआई पर निशाना साधा है. उन्होंने दिशा सालियान केस को लेकर अपने और अपने बेटे आदित्य ठाकरे के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को राजनीतिक बताया और कहा कि जांच के नाम पर चरित्र हनन नहीं होना चाहिए.

पीएम मोदी और ट्रंप का नाम क्यों नहीं?

छत्रपति संभाजीनगर में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान उद्धव ठाकरे ने कहा कि दिशा सालियान की मौत एक दुखद घटना थी, लेकिन उनका या उनके परिवार का इससे कोई संबंध नहीं है. उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि अगर इसी तरह बिना किसी आधार के लोगों के नाम जोड़े जाते रहे तो किसी का भी नाम इस मामले में लिया जा सकता है. उद्धव ने सीबीआई पर तंज कसते हुए सवाल किया कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम इस मामले में क्यों नहीं लिया जा रहा?

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे पर ठोका 500 करोड़ का मानहानि का केस, 7 दिन में माफी मांगने का अल्टीमेटम

'चरित्र हनन का सिलसिला जारी रहा तो…'

उद्धव ठाकरे ने कहा कि जांच एजेंसी अपनी जांच करें, लेकिन किसी की छवि खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चरित्र हनन का सिलसिला जारी रहा तो उनका परिवार कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगा. आपको बता दें कि उद्धव ठाकरे का ये रिएक्शन ऐसे समय आया है, जब सीबीआई ने बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिशा सालियान की मौत की जांच अपने हाथ में ली है.

---विज्ञापन---

आदित्य ठाकरे ने भी आरोपों से किया इनकार

उधर, उद्धव ठाकरे के बेटे और शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने भी एक दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष रखा था. उन्होंने कहा था कि वह दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और न ही उन्हें जानते थे. उन्होंने अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को राजनीतिक और निजी हितों से प्रेरित बताया.

यह भी पढ़ें: CBI की FIR में नाम आने पर बोले आदित्य ठाकरे, जानिए दिशा सालियान के बारे में क्या कहा?

---विज्ञापन---