---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

‘दुल्हन भी गई… पैसे भी गए’, नासिक में शादी के नाम पर ठगी का संगठित रैकेट, गरीब युवकों को बनाया निशाना

30 मार्च 2026 को धुले के बलवंत पाटील मंदिर में धूमधाम से शादी करवाई गई. परिवार को लगा कि बेटे का घर बस गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद नई दुल्हन ने अपना व्यवहार बदलना शुरू कर दिया. वह आत्महत्या की धमकियां देने लगी और बाद में पति का घर छोड़कर सीधे दलाल के घर जाकर रहने लगी. पढ़िए मंगल भारत घनदाट की रिपोर्ट.

---विज्ञापन---

महाराष्ट्र में शादी के लिए योग्य लड़कियों की कमी और किसानों तथा कम आय वाले युवकों के सामने बढ़ती वैवाहिक कठिनाइयों का फायदा उठाकर एक संगठित गिरोह ने शादी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का रैकेट खड़ा कर लिया. नासिक शहर के मुंबई नाका पुलिस स्टेशन ने ऐसे ही एक ‘फर्जी विवाह गिरोह’ का पर्दाफाश किया है, जो खुद को मैट्रिमोनियल ब्यूरो बताकर युवकों की शादी करवाता था और फिर कुछ ही दिनों में दुल्हन गायब हो जाती थी.

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह खासतौर पर उन परिवारों को निशाना बनाता था, जिनके बेटे आर्थिक रूप से कमजोर थे या खेती-किसानी से जुड़े होने के कारण विवाह में दिक्कतों का सामना कर रहे थे. आरोपी पहले परिवारों को भरोसे में लेते, फिर ‘लड़की दिखाने’ और शादी तय कराने के बदले लाखों रुपये वसूलते थे. शादी के कुछ दिनों बाद ही दुल्हन किसी बहाने से ससुराल छोड़कर चली जाती और फिर कभी वापस नहीं लौटती थी.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: भारत में कहां है ‘सांपों वाला गांव’, घरों के अंदर खुलेआम घूमते हैं कोबरा

मैट्रिमोनियल ब्यूरो की आड़ में चल रहा था खेल


पुलिस के अनुसार, नासिक शहर में आरोपियों ने बाकायदा ‘वधू-वर सूचक केंद्र’ के नाम से एक मैट्रिमोनियल नेटवर्क तैयार किया था. इसी के जरिए लड़कियों और दलालों का संपर्क करवाया जाता था. शादी तय होने के बाद दूल्हे पक्ष से मोटी रकम ली जाती थी. ऐसे ही एक मामले में धुले जिले के शिंदखेड़ा तालुका के वैपुर निवासी 42 वर्षीय बलवंत साहेबराव पाटील ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें एक लड़की दिखाई और शादी कराने के बदले ₹2.70 लाख वसूले. इसके अलावा विवाह सामग्री के नाम पर ₹4,000 अलग से लिए गए.

---विज्ञापन---

30 मार्च 2026 को धुले के बलवंत पाटील मंदिर में धूमधाम से शादी करवाई गई. परिवार को लगा कि बेटे का घर बस गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद नई दुल्हन ने अपना व्यवहार बदलना शुरू कर दिया. वह आत्महत्या की धमकियां देने लगी और बाद में पति का घर छोड़कर सीधे दलाल के घर जाकर रहने लगी. इसके बाद उसने ससुराल लौटने से साफ इनकार कर दिया. तब जाकर पीड़ित परिवार को एहसास हुआ कि उनके साथ सुनियोजित धोखाधड़ी हुई है , ‘दुल्हन भी गई और लाखों रुपये भी.’

5.28 लाख रुपये की ठगी, कई आरोपी गिरफ्तार


मुंबई नाका पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के अनुसार, दिसंबर 2025 से 30 मार्च 2026 के बीच आरोपियों ने मिलकर फर्जी विवाह रचाकर शिकायतकर्ता और अन्य लोगों से कुल ₹5.28 लाख की ठगी की. इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया. इन सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 19 मई 2026 तक पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर की गई. पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में कई दलाल और महिलाएं शामिल थीं, जो अलग-अलग जिलों में ‘दुल्हन’ बनकर लोगों को ठगने का काम करती थीं.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: NEET-UG 2026 पेपर लीक जांच विदर्भ तक पहुंची, CBI की नागपुर-चंद्रपुर में छापेमारी

ग्रामीण और गरीब युवक बन रहे आसान शिकार


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महाराष्ट्र के कई हिस्सों में योग्य लड़कियों की कमी, बढ़ती सामाजिक अपेक्षाएं और आर्थिक असमानता के कारण गरीब तथा किसान परिवारों के युवक ऐसे गिरोहों के आसान शिकार बन रहे हैं. आरोपी इसी मजबूरी का फायदा उठाकर शादी का झांसा देते हैं और लाखों रुपये ऐंठ लेते हैं. कई मामलों में परिवार सामाजिक बदनामी के डर से पुलिस तक भी नहीं पहुंचते, जिससे ऐसे रैकेट लगातार फल-फूल रहे हैं.

---विज्ञापन---
First published on: May 20, 2026 11:34 PM

End of Article

About the Author

Akarsh Shukla

आकर्ष शुक्ला (Akarsh Shukla) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वो News 24 Digital टीम को शिफ्ट हेड के तौर पर लीड कर रहे हैं। आकर्ष शुक्ला ने India.com (ZEE Media), 'नवोदय टाइम्स' (पंजाब केसरी ग्रुप), 'ओपेरा न्यूज' और 'वनइंडिया' (डेली हंट) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करके अपनी व्यापक पत्रकारिता क्षमता का परिचय दिया। उनकी विशेषज्ञता प्रिंट, डिजिटल मीडिया (वेबसाइट) और मोबाइल ऐप्स के माध्यम से खबरों को सजीव और प्रभावी रूप में पेश करने में है। देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों के साथ-साथ आकर्ष को मनोरंजन, लाइफस्टाइल, ट्रेंडिंग और खेल जगत की खबरों का भी बखूबी अनुभव है। आकर्ष शुक्ला, पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज की आवाज और जनसंवाद का एक सशक्त माध्यम मानते हैं।

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola