Premanand Maharaj reply Muslim Boy kidney donate offer: प्रेमानंद महाराज ने मध्यप्रदेश के आरिफ खान चिश्ती के किडनी दान करने के ऑफर जैसा ही एक और ऑफर नरसिंहपुर की रहने वालीं मेहनाज खान ने दिया। अब बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर मेहनाज खान ने अपनी एक किडनी प्रेमानंद महाराज को दान करने की इच्छा जताई है। गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज किडनी की खतरनाक बीमारी से जूझ रहे हैं। प्रेमानंद महाराज की जिंदगी से प्रभावित होकर मेहनाज ने उन्हें किडनी डोनेट की इच्छा जताई।
आरिफ चिश्ती का ठुकरा चुके हैं ऑफर
मेहनाज से पहले प्रेमानंद महाराज नर्मदापुरम के आरिफ चिश्ती की चिट्ठी मिलने पर बेहद खुश हुए। प्रेमानंद महाराज के प्रतिनिधि के मुताबिक, चिट्ठी पढ़ते ही महाराज ने आरिफ की तारीफ करते हुए जल्द वृ्ंदावन बुलाकर सम्मान करने की बात कही। हालांकि किडनी के ऑफर से इनकार कर दिया। प्रेमानंद महाराज की दोनों किडनियां पिछले काफी साल से फेल हैं और वे डायलिसिस के सहारे जीवित हैं।
मेहनाज ने प्रेमानंद महाराज को लेकर क्या कहा?
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की रहने वालीं मेहनाज ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जब प्रेमानंद जी की बीमारी के बारे में पता चला था, उन्होंने तब ही फैसला कर लिया था कि वे अपनी एक किडनी दान देकर उनकी जिंदगी बचाकर ही रहेंगी। मेहनाज ने प्रेमानंद महाराज की तारीफ करते हुए कहा कि वे अपने प्रवचनों से पूरी दुनिया को सही रास्ता दिखाते हैं। आज के वक्त में ऐसे साधू संतों की बहुत जरूरत है, जिनका जीवन दूसरों के लिए प्रेरणा होता है। वह ऐसे महापुरुष की जिंदगी बचाने के लिए कुछ भी कर सकती हैं।
मेहनाज ने कलेक्टर के कार्यालय में दिया पत्र
मेहनाज ने नरसिंहपुर में कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर शीतला पटले को लिखित पत्र दिया और उसे प्रेमानंद महाराज तक पहुंचाने की अपील की। पत्र में मेहनाज ने कहा कि अगर मेरी एक किडनी प्रेमानंद जी की जिंदगी बचा सकती है तो वे खुद को खुशनसीब समझेंगी।