Woman gave Birth to 3 Baby Boy: मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से एक हैरान करने वाला अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने एक साथ 3 बच्चों को जन्म दिया है। महिला ने 3 बेटों को जन्म दिया, डॉक्टर के अनुसार मां और तीनों बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वहीं, यह खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई है। क्षेत्र के लोग इसे कुदरत का चमत्कार मान रहे हैं। वहीं, परिवार में एक साथ तीन बच्चों के आने से खुशी का माहौल है। यह मामला निवाड़ी जिले के कठऊपहाड़ी ग्राम का है।
महिला ने दिया 3 बेटों को जन्म
जानकारी के अनुसार, जिले के कठऊपहाड़ी ग्राम की रहने वाली 35 साल की संध्या पांचाल को बीते दिन प्रसव पीड़ा हुई। जिसके बाद उसके पति पीलु पांचाल ने स्थानीय आशा कार्यकर्ता रजनी रजक को इसकी जानकारी दी। आशा ने अपनी सूझबूझ से एंबुलेंस फोन किया और तरीचर कलां उप स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। यहां, डॉक्टरों ने संध्या पांचाल को भर्ती किया, जिसके कुछ घंटों बाद ही संध्या ने एक साथ 3 बेटों को जन्म दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने मां और बच्चों का मेडिकल प्रोसेस पूरा किया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और तीनों बच्चे स्वस्थ हैं।
नॉर्मल रूप से बच्चों की डिलीवरी
इस मामले को लेकर आशा कार्यकर्ता रजनी रजक ने बताया कि महिला के परिजन उसे प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाना चाहते थे। लेकिन, यह अस्पताल घर से दूर था, इसलिए उन्होंने महिला के परिजनों को तरीचर कला उप स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए कहा। परिवार ने भी आशा की बात पर सहमति जाहिर करते हुए तरीचर कला उप स्वास्थ्य केंद्र गर्भवती को भर्ती कराया, जहां डॉक्टर और स्टाफ द्वारा नॉर्मल रूप से बच्चों की डिलीवरी कराई गई। जिसमें महिला ने 3 स्वस्थ लड़कों को जन्म दिया।