Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक चलती स्कूल बस में अचानक आग लग गई। समय रहते बच्चों को तो ड्राइवर और टीचर की सूझबूझ से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनके बैग और किताबें जल गए। बताया जा रहा है कि बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बुधवार दोपहर को अचानक हादसा हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बच्चों के बैग निकालने का भी समय नहीं मिला। कुछ ही देर में बस पूरी तरह जल गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लेकिन तब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। बस में 12 बच्चे सवार थे। जिनको समय रहते बस से बाहर निकाल लिया गया। बस को गोटू धाकड़ नाम का ड्राइवर चला रहा था। छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। स्कूल से निकालते समय कोई परेशानी नहीं हुई। आधे से ज्यादा बच्चों को वह ड्रॉप कर चुका था। इसके बाद अचानक ड्राइवर को इंजन से धुआं निकलता दिखा। अचानक आग की लपटें दिखने लगीं।
इसके बाद ड्राइवर और बस में मौजूद एक टीचर ने बच्चों को उतारना शुरू कर दिया। सभी बच्चों को सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद लपटें इतनी तेज हो गईं, वे लोग बैग आदि नहीं निकाल सके। केबिन धू-धूकर जल उठा। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी।
स्कूल से बस में निकले थे 30 बच्चे
पेरेंट्स को भी हादसे के बाद तुरंत जानकारी देकर मौके पर बुलाया गया। बस गीता पब्लिक स्कूल की थी। संचालक पवन शर्मा के अनुसार आग लगने के समय बस में 12 बच्चे मौजूद थे। लेकिन ड्राइवर और टीचर की सूझबूझ से इनको बचा लिया गया। फिलहाल बच्चों के एग्जाम चल रहे हैं। इसलिए बच्चे शेड्यूल के हिसाब से आते हैं। बस जब स्कूल से रवाना हुई थी तो उसमें 30 बच्चे सवार थे।