गले में प्लास्टिक के सांप डालकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी विधायक, बोले- नौकरियों पर कुंडली मारकर बैठी सरकार
Author: Deepti Sharma
Mar 11, 2025 02:40 PM IST
Bhopal News: मध्य प्रदेश विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी सदन में हंगामा देखने को मिला है। बजट सत्र के दूसरे दिन आज कांग्रेस विधायक प्लास्टिक के सांप लेकर विधानसभा पहुंचे हैं। वे गांधी प्रतिमा के सामने बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि भाजपा सरकार नौकरियों पर सांप की तरह कुंडली मारकर बैठी है। मध्य प्रदेश विधानसभा में सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत तमाम कांग्रेस विधायक गले में प्लास्टिक के सांप डालकर पहुंचे।
टोकरी में भी सांप लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस विधायकों ने कहा कि नौकरियों पर सांप की तरह बीजेपी सरकार कुंडली मारकर बैठी है।
नेता प्रतिपक्ष की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश में लाखों पद खाली हैं। युवा परेशान हो रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार नहीं दे रही है। इसलिए सांकेतिक तौर पर सांप लेकर विरोध कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के अंदर ही आस्तीन के सांप हो गए हैं। उमंग सिंघार, जीतू पटवारी को डस रहे हैं, दिग्विजय सिंह कमलनाथ को डस रहे हैं, पूरी कांग्रेस एक-दूसरे को डस रही है। दरअसल, मध्य प्रदेश में रजिस्टर्ड बेरोजगारों की संख्या करीब 30 लाख से ज्यादा है। यही वजह है कि सालाना बढ़ते बेरोजगारी के आंकड़ों पर कांग्रेस सरकार पर विधानसभा में हमलावर नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें- MP Budget Session 2025: ‘1640 करोड़ के 748 प्रोजेक्ट… हो रहा शहरों का विकास’, राज्यपाल के अभिभाषण की खास बातें