नेपाल से लाकर MP में खपाई जानी थी 2 करोड़ की चरस; महिला समेत तीन तस्कर चढ़े क्राइम ब्रांच के हत्थे
Edited By Balraj Singh

Edited By Balraj Singh

Drugs Smuggling, भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार को पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बिहार की रहने वाली महिला है तो उसका दूसरा साथी भोपाल के शाहजहानाबाद का स्थानीय निवासी है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों पड़ोसी देश नेपाल से लाई गई लगभग 10 किलो चरस (लगभग 2 करोड़ रुपए की) को भोपाल और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही धरे गए।
इस बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि ट्रेनों वगैरह में नशा तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की सूचनाएं मिलते रहनेके चलते पुलिस पिछले काफी दिनों से रेकी कर रही थी। इसी बीच मंगलवार को दो पुरुष और एक महिला कमलापति रेलवे स्टेशन के बाहर निकले, पुलिस ने इन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। इसके बाद तलाशी में महिला के पास से लगभग 10 किलो चरस बरामद हुई। यह महिला बिहार की रहने वाली है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करके आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। अभी तक की जांच में पता चला है कि आज पकड़े गए तीन लोगों में से यहां के शाहजहानाबाद का रहने वाला मोहम्मद ताहिर नामक शख्स ऑटोक चलाता है और इसी धंधे की आड़ में वह नशे की सप्लाई बड़ी आसानी से करने में कामयाब रहता है। हालांकि अभी तक उसके खिलाफ मारपीट के दो-तीन केसों को छोड़कर एनडीपीएस एक्ट में कोई केस दर्ज नहीं है। फिलहाल आरोपियों की निशानदेही पर और लोगों को पकड़ने के लिए काम किया जाएगा। जल्द ही विशेष टीमें बिहार जाएंगी और नेपाल बॉर्डर से लेकर भारत के विभिन्न हिस्सों में फैले नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में काम करेगी।
उधर, यह बात भी उल्लेखनीय है कि नेपाल से भोपाल तक चरस की तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 26 जून 2022 की सुबह ऑटो से शाहजहानाबाद से चरस लेकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन जा रहे अंधेरी वेस्ट मुंबई निवासी अब्दुल शाहिद (44) और जुलेखा सिद्दीकी को 9 किलो 930 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस केस की पुलिस जांच में पता चला था कि पति की मौत के बाद महिला ने देवर के साथ मिलकर तस्करी गिरोह बना लिया और मुंबई में चरस सप्लाई करना शुरू कर दिया।
2022 में ही भोपाल में हबीबगंज पुलिस ने 1 किलो 220 ग्राम चरस के साथ एक आरोपी को धरा था, बाद में करीब पांच लाख रुपए चोरी का सामान भी उससे बरामद किया गया और उसने चोरी की 50 से ज्यादा वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली थी। इसके बाद फरवरी 2023 में भी अल्कापुरी तिराहे पर कार में सवार पिपलानी के आकाश शुक्ला और हर्षवर्धन नगर के शोएब बेलिम नामक दो तस्करों से 15 ग्राम एमडी पाउडर, 40 ग्राम मादक पदार्थ चरस जब्त की गई थी।
<>
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: