CM शिवराज ने पंचायतों को किया सम्मानित, सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए 7 करोड़ रुपए

CM Shivraj Singh Chouhan

CM Shivraj Singh Chouhan

MP News: सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीएम हाउस में अपनी गृह विधानसभा क्षेत्र में समरस पंचायतों को सम्मानित किया। सीएम ने कहा कि प्रदेशवासियों के जीवन को बेहतर बनाना ही मेरी जिंदगी का मकसद है। समरस पंचायतों ने निर्विरोध पंच और सरपंच निर्वाचित कर श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। ये पंचायतें अद्भुत हैं, इन पंचायतों में आने वाले गांव समरस ही रहे। किसी भी गांव का कोई मामला थाने नहीं जाए, हम आपस में ही विवादों का निराकरण कर लें।

सीएम ने कहा कि पंचायतें सामाजिक समरसता के साथ स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उदाहरण प्रस्तुत करें। इस दौरान सीएम ने पंचायत पुरस्कार योजना एवं मुख्यमंत्री जन आवास योजना के 7 करोड़ 39 लाख रूपए सिंगल क्लिक से अंतरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समरस पंचायतों के लिये व्यवस्था की गई थी कि जिन पंचायतों में पंच-सरपंच निर्विरोध चुने जाएंगे वहाँ विकास और जन-कल्याण के लिए पुरस्कार स्वरूप अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी। ऐसी पंचायतों में जो गरीब बिना आवास के रह रहे हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास भी स्वीकृत किए जाएंगे।

बेटियों को सशक्त बनाना है

सीएम ने कहा कि बहनों की जिंदगी बदलने में मैंने अपनी जिंदगी लगा दी है। बेटा-बेटी में होते भेद को देख कर मेरे मन में पीड़ा और वेदना रहती थी। समाज बेटियों को बोझ नहीं वरदान समझे, इसके लिए मैंने सार्वजनिक जीवन में आते ही प्रयास शुरू किए। सामूहिक विवाह से शुरू हुए इन प्रयासों में मुख्यमंत्री बनने के बाद लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह जैसे कई योजनाएं लागू की गई। बहन-बेटियों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए।

नगरीय निकायों और पंचायतों में महिला आरक्षण हो या अचल सम्पत्ति की रजिस्ट्री में महिलाओं को दी जा रही छूट का प्रावधान हो, राज्य शासन महिलाओं के कल्याण और उन्हें बराबरी का हक दिलवाने के लिए अनेक गतिविधियाँ संचालित कर रहा है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना भी इसी दिशा में एक अहम कदम है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ