bhupendra.thakur
Read More
---विज्ञापन---
यूं तो देश भर में पवित्र सावन महीने की शुरुआत एक अगस्त से ही हो चुकी है लेकिन महाराष्ट्र और गुजरात में सावन की शुरुआत 13 अगस्त से हो रही है और इस बार गुजरात में भगवान शिव के भक्तों के लिए इस बार श्रावण मास बेहद खास होने जा रहा है. गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में 13 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक 30 दिवसीय शिव श्रावण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजनों की विशेष श्रृंखला देखने को मिलेगी.
इस वर्ष महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 51 कुंडीय महामृत्युंजय यज्ञ रहेगा. पूरे श्रावण मास के दौरान महामृत्युंजय मंत्र के जाप और यज्ञ के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की जाएगी. श्री सोमनाथ ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं को इस विशेष पूजा में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने का अवसर भी दिया जा रहा है.
श्रावण मास में भगवान शिव की भक्ति और उत्सव का माहौल बनाने के लिए पालकी यात्रा समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. शिवभक्तों के लिए यह यात्रा आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अनुभव होगी. महोत्सव के दौरान सोमवार और श्रावण से जुड़े विशेष अवसरों पर सोमनाथ महादेव की पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. मंदिर में विशेष बिल्व पूजा की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें श्रद्धालु पूरे श्रावण मास, सभी सोमवार या किसी एक दिन के लिए पूजा करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: क्या कच्छ में जमीन के नीचे छिपी थी बस्ती? भारत-पाक सीमा के पास मिले 100 से ज्यादा कंकाल
श्री सोमनाथ ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, श्रावण महामृत्युंजय यज्ञ 13 अगस्त से 11 सितंबर 2026 के बीच आयोजित होगा. इसमें प्रत्यक्ष रूप से सोमनाथ पहुंचकर पूजा में शामिल होने वाले यजमान ऑनलाइन तिथि और समय स्लॉट का चयन कर सकते हैं. श्रावण मास के दौरान सोमनाथ मंदिर में सुबह से रात तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था रहती है. ट्रस्ट के अनुसार मंदिर में दर्शन का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक है, जबकि आरती सुबह 7 बजे, दोपहर 12 बजे और शाम 7 बजे होती है.
श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है. ऐसे में 30 दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव सोमनाथ को शिवभक्ति के रंग में रंग देगा. महामृत्युंजय यज्ञ, विशेष पूजा, पालकी यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों के जरिए श्रद्धालुओं को भगवान सोमनाथ की भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलेगा. श्रावण महोत्सव के दौरान सोमनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री सोमनाथ ट्रस्ट की ओर से पूजा और अन्य सुविधाओं की ऑनलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध है. ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं को पूजा और दान के लिए केवल अपनी आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: गार्ड ने छत पर युवती के गले में बांधा तार, फिर किया रेप; भागने लगा तो पुलिस ने पैर में मारी गोली
न्यूज 24 पर पढ़ें गुजरात, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।