आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को गुजरात के विसावदर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी गोपाल इटालिया के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। कलसारी गांव में आयोजित सभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी को जिताकर विसावदर की जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। 20 साल से विसावदर की जनता ने भाजपा को मौका नहीं दिया, इस बार भी नहीं देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट देने से कोई फायदा नहीं है। कांग्रेस तो भाजपा की गोद में बैठी है। इस दौरान गुजरात प्रभारी गोपाल राय, गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी समेत अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।
19 जून को होने हैं चुनाव
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 19 जून को चुनाव है और दो-तीन दिन रह गए। मैं दिल्ली से विसावदर के लोगों को सलाम करने के लिए आया हूं। विसावदर के लोग फाइटर हैं। पिछले 30 साल से गुजरात में भाजपा की सरकार है। लेकिन पिछले 20 साल से विसावदर में भाजपा का एमएलए नहीं है। पिछले 20 साल से विसावदर के लोगों ने भाजपा के पूरे तंत्र, अथाह पैसे और ताकत का विरोध किया। यह कोई छोटी बात नहीं है। इसीलिए मैं विसावदर के लोगों के साहस को सम्मान करने के लिए आज आप लोगों के बीच में आया। गुजरात में रहकर इतनी बड़ी ताकत भाजपा को पिछले 20 साल से विसावदर के लोग सामना और चुनौती दे रहे हैं।
भाजपा ने किया चीटिंग करना शुरू- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने चीटिंग करना शुरू कर दिया। 5 साल पहले उन्होंने हर्षद रबड़िया को उनकी पार्टी से चोरी कर लिया। फिर आप लोगों ने आम आदमी पार्टी को वोट दिया। भूपत को जिताया। उन्होंने भूपत को चोरी कर लिया। अब भाजपा कह रही है कि आप हमें वोट दो या न दो, जिसको भी वोट दोगे, हम उसको चोरी कर लेंगे। तो मेरे पास विसावदर से कई लोग मिलने आए। उन्होंने कहा कि हम भाजपा से नफरत करते हैं। भाजपा को बिल्कुल वोट नहीं देंगे। लेकिन हमारे सामने चुनौती है कि जिसको वोट देते हैं, वही उनके पास चला जाता है।
विसावदर की जनता इटालिया को जिताए- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने अपने सबसे कट्टर हीरो गोपाल इटालिया विसावदर के लोगों को दिया। दुनिया की कोई ताकत नहीं है। सूरज पूरब की बजाय पश्चिम से उग सकता है। गोपाल इटालिया को कोई माई का लाल खरीदने वाला पैदा नहीं हुआ। विसावदर की जनता बेहिचक गोपाल इटालिया को भारी बहुमत से जिताए। गोपाल इटालिया टूटेगा नहीं। ईमानदार आदमी है। साधारण से परिवार से आता है। छोटे से परिवार से, गरीब परिवार से आता है।
गोपाल इटालिया नौकरी को मारी लात, समाज सेवा में जुटे- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोपाल इटालिया की एक छोटी बच्ची है और बहुत मामूली से एक कमरे के मकान में रहते हैं। इनकी पुलिस में नौकरी लगी। इन्होंने नौकरी को लात मारकर समाज सेवा के लिए आ गए। ये देश और आम आदमी की सेवा के लिए पुलिस की नौकरी को लात मार चुके हैं। पुलिस में ऊपर की कमाई खूब है। अगर गोपाल इटालिया चाहते, तो खूब पैसे कमा सकते थे, लेकिन जो आदमी पुलिस की नौकरी को लात मारकर आ गया। वह कितना ईमानदार आदमी है। इन लोगों ने गोपाल इटालिया को तोड़ने की बहुत कोशिश की। करोड़ों रुपए का ऑफर दिए। लेकिन गोपाल इटालिया टूटे और बिके नहीं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि विसावदर के लोग भ्रष्टाचार करने वालों को अच्छे से जानते हैं। सहकारी मंडली में हुए भ्रष्टाचार के बारे में सबको पता है। गोपाल इटालिया सभी गलत नोटिस वापस करवाएंगे। कांग्रेस को वोट देना वोट खराब करना है, क्योंकि वह भाजपा की कठपुतली बन चुकी है। कांग्रेस भाजपा की गोद में बैठी है। इसलिए आम आदमी पार्टी को वोट दें।
बीजेपी शातिर है, फर्जी वोट डाल सकती है- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बिना बुलाए कोई शादी में नहीं जाता, वैसे ही बिना मांगे वोट नहीं देना। मैं, भगवंत मान, आतिशी, हम सब विसावदर के लोगों से वोट मांगने आए हैं, क्योंकि हम आपके वोट की कीमत और सम्मान समझते हैं। क्या जेपी नड्डा, अमित शाह या राहुल गांधी वोट मांगने नहीं आए, तो उन्हें वोट क्यों देना? वोट कीमती है, बिना मांगे न दें।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा शातिर है, फर्जी वोट डाल सकती है। सुबह 7 बजे वोट डालने जाएं, ताकि कोई आपके नाम से वोट न डाले। वोट डालने के बाद ही नाश्ता करें। गोपाल इटालिया ने सुगंधनामा साइन कर 15 काम करने का वादा किया है। अगर न करें, तो अगली बार वोट न देना। लेकिन एक मौका बनता है। गोपाल सच्चा, ईमानदार, देशभक्त है। उसकी आवाज विधानसभा में गूंजेगी, भाजपा भी कांपेगी।