Who is Riya Chhabri and Lakshyaraj: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजों में सचिव पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज ने जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही रिया छाबड़ी और लक्ष्यराज दिल्ली विश्वविद्यालय की राजनीति में प्रमुख युवा चेहरा बनकर उभरे. रिया छाबड़ी लंबे समय से कैंपस में सक्रिय रही हैं. कॉलेज के शुरुआती दिनों से ही वे छात्रों की समस्याओं, हॉस्टल आवंटन, छात्राओं की सुरक्षा और फीस से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रही हैं. लक्ष्यराज ने लंबे समय से ABVP के कार्यकर्ता के रूप में कॉलेज स्तर पर छात्रों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शनों और मांग पत्रों के जरिए संगठन के भीतर अपनी अलग पहचान बनाई.
कौन हैं DUSU के नए अध्यक्ष यश दबास? टेनिस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है देश का नाम
कौन हैं DUSU की सचिव रिया छाबड़ी?
रिया छाबड़ी ने ABVP के टिकट पर सचिव पद पर 7 हजार से ज्यादा वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. दिल्ली के बदरपुर इलाके की रहने वाली रिया एक साधारण किसान परिवार से आती हैं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री अरबिंदो कॉलेज से अपने कॉलेज जीवन की शुरुआत की थी. वर्तमान में वे बीए प्रोग्राम के चौथे वर्ष की छात्रा हैं. पढ़ाई के साथ-साथ रिया खेल के मैदान में भी काफी सक्रिय रही हैं. वे इंटर कॉलेज स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी हैं और खेल स्पर्धाओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करती रही हैं.
महिला सुरक्षा और पीजी ऑडिट सर्वोच्च प्राथमिकता: रिया छाबड़ी
एबीवीपी की टिकट पर सचिव पद पर जीत दर्ज करने वाली रिया छाबड़ी ने अपनी जीत पर खुशी जाहिर की. चुनाव में इकलौती महिला प्रत्याशी के तौर पर जीत हासिल करने के बाद उन्होंने कहा, “इस जीत से मुझे बेहद खुशी है. एक छात्र संगठन के रूप में हमारा काम राजनीतिक एजेंडा चलाना नहीं, बल्कि छात्र हितों के मुद्दों को हल करना है. छात्रों ने हम पर जो भरोसा जताया है, उसी का परिणाम है कि एबीवीपी ने तीन सीटों पर कब्जा किया.
” रिया ने कहा कि वह अपने कार्यकाल में छात्रों की बेहतरी के लिए पूरी ताकत लगा देंगी. उन्होंने साफ किया कि कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी. इसके अलावा एबीवीपी के घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा, जिसमें पेइंग गेस्ट (PG) आवासों का ऑडिट और पूरे कैंपस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था प्रमुख है.
कौन हैं DUSU के संयुक्त सचिव लक्ष्यराज?
संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्यराज सिंह ने 16,615 वोट हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया. राजस्थान के चूरू जिले की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले लक्ष्यराज ने साल 2019 में डीयू के मशहूर श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से बीए (ऑनर्स) राजनीति विज्ञान में एडमिशन लिया था. ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद वर्तमान में वे दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से LLB की पढ़ाई कर रहे हैं. छात्र राजनीति और पढ़ाई के अलावा लक्ष्यराज की पहचान एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल खिलाड़ी के रूप में भी है. वे वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और एशियन गेम्स तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का मान बढ़ा चुके हैं.
जमीनी छात्र नेता के तौर पर उभरे लक्ष्यराज
DUSU के नए संयुक्त सचिव लक्ष्यराज की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस और साउथ कैंपस के कॉलेजों में एक सक्रिय और जमीनी छात्र नेता के तौर पर रही है. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने सामान्य छात्रों से जुड़े बुनियादी मुद्दों को सबसे आगे रखा. इनमें प्रमुख रूप से हॉस्टल की पर्याप्त सीटें, किफायती और सुरक्षित बस पास सुविधा, कॉलेज कैंटीन में रियायती दरों पर पौष्टिक भोजन और लाइब्रेरी में 24 घंटे अध्ययन की सुविधा जैसे जमीनी विषय शामिल रहे. छात्रों के बीच उनकी सहज उपस्थिति और मुद्दों पर सीधी बात करने के अंदाज ने उन्हें युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाया.
जीत के बाद क्या बोले लक्ष्यराज?
डूसू चुनाव में एबीवीपी के टिकट पर जॉइंट सेक्रेटरी पद पर जीत दर्ज करने वाले लक्ष्यराज सिंह ने इस सफलता को अपने समर्थकों और साथियों को समर्पित किया. उन्होंने कहा, “यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि उन सभी भाइयों और दोस्तों की है जिन्होंने मुझे अपार प्यार और समर्थन दिया.” लक्ष्यराज सिंह ने आगे कहा, “एबीवीपी परिवार ने 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद राजस्थान के किसी उम्मीदवार को टिकट देकर मौका दिया. मेरे अपने सात साल के जमीनी संघर्ष को आज मंजिल मिली है. राजस्थान से जुड़े सभी भाई-बहनों और साथियों ने इस संघर्ष में मेरा पूरा साथ दिया, जिसके दम पर हम जॉइंट सेक्रेटरी पद जीतने में सफल रहे.”
DUSU चुनाव में ABVP ने 4 में से 3 पद जीते, यश दबास बने अध्यक्ष, निर्दलीय दीपांशु बने उपाध्यक्ष