दिल्ली में ट्रैफिक को लेकर एडवाइजरी जारी, कनॉट प्लेस के आसपास इन सड़कों पर प्रभावित हो सकता है यातायात
Delhi traffic Advisory: कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में सीजेपी के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को देखते हुए ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और उसके आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है.
यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 भी जारी किए गए हैं. (Photo: ANI)
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR को लेकर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन अब ‘तिरंगा मार्च’ में तब्दील होने जा रहा है. सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने लोगों से बड़ी संख्या में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में तिरंगा लेकर पहुंचने का आह्वान किया है. इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी शुक्रवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से कनॉट प्लेस के आस-पास की सड़कों पर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट लेने की अपील की है.
विज्ञापन
लोगों को तय समय से पहले घरों से निकलने की सलाह
कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में सीजेपी के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को देखते हुए ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और उसके आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे. नई दिल्ली के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जा सकते हैं. ऐसे में कार्यालय जाने वाले लोगों, बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों और कनॉट प्लेस के आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जिन मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है, उनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड और मिंटो रोड शामिल हैं. इसके अलावा बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस और गोल डाकखाना के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
विज्ञापन
🚨 TRAFFIC ADVISORY
In view of a proposed gathering at Central Park, Connaught Place, New Delhi, on 16.10.2026, traffic movement on certain roads in and around Connaught Place is likely to be affected from 03:00 PM onwards.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में अशोक रोड के जीपीओ से सी-हेक्सागन तक के हिस्से, तिलक मार्ग, टॉल्स्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड को भी संभावित रूप से प्रभावित मार्गों में शामिल किया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात की वास्तविक स्थिति के अनुसार मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है.
सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं और रास्ते में लगने वाले अतिरिक्त समय को ध्यान में रखें. जहां संभव हो, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. इससे प्रभावित इलाकों में वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. वाहन चालकों को मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों और लगाए गए डायवर्जन संकेतों का पालन करने को कहा गया है. साथ ही, सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
पुलिस ने यात्रियों को ट्रैफिक के लेटेस्ट अपडेट और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी है. यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 भी जारी किए गए हैं.