दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय पाकिस्तान समर्थित एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस गैंग के सात संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जो देश और राजधानी दिल्ली को दहलाने की बड़ी साजिश पर काम कर रहे थे. जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार सीधे तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और वहां बैठे हैंडलर्स से जुड़े हुए थे.
पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर रची जा रही थी साजिश
स्पेशल सेल द्वारा मंगलवार को दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपी पाकिस्तान में शरण लिए बैठे कुख्यात हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके करीबी सहयोगी अजमल गुज्जर के सीधे संपर्क में थे. ये आरोपी पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अन्य हिस्सों में किसी बड़ी आतंकी वारदात या टारगेट किलिंग को अंजाम देने की फिराक में थे. समय रहते स्पेशल सेल ने इन संदिग्धों को दबोचकर एक बड़े खतरे को टाल दिया है.
आतंकी गतिविधियों की फंडिंग
पूछताछ और शुरुआती तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह गैंग सीमा पार से होने वाली हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी का एक मुख्य जरिया था. पाकिस्तानी हैंडलर्स के जरिए अवैध हथियारों, गोला-बारूद और हेरोइन जैसी नशीली दवाओं की खेप को भारत में दाखिल कराया जाता था. इस नेटवर्क के गुर्गे इन हथियारों और ड्रग्स को दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में अपराधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों तक सप्लाई करते थे. इस तस्करी से होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों की फंडिंग के लिए किए जाने की आशंका है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद जाने वाले अगले 3 दिन संभलकर करें इस रूट से यात्रा!