Delhi Mohalla Clinic Fake Medical Test Scam: दिल्ली शराब नीति मामले में पहले से संकट में घिरी केजरीवाल सरकार पर एक और आफत आने वाली है। जानकारी के अनुसार दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिक में पैथोलाॅजी और रेडियोलाॅजी टेस्ट में घोटाले का आरोप लगा है। आरोप है कि दिल्ली के इन मोहल्ला क्नीनिकों में फर्जी रेडियोलाॅजी और पैथोलाॅजी टेस्ट कराकर प्राइवेट लैब को फायदा पहुंचाया गया। ऐसे में जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एलजी विनय सक्सेना ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली की केजरीवाल सरकार स्वास्थ्य सचिव को निलंबित करने की सिफारिश एलजी से करेगी। रिपोर्ट के अनुसार 11 हजार 657 पेशेंट्स की रिपोर्ट में मोबाइल नंबर की जगह पर 0 अंकित था। वहीं 8251 रिपोर्ट में मोबाइल नंबर की जगह पर कुछ भी अंकित नहीं था। 3092 पेशेंट्स के रिकाॅर्ड में मोबाइल नंबर की जगह सभी 10 अंक 9 थे। वहीं कुछ पेशेंट्स के मोबाइल नंबर 1,2,3,4,5 से शुरू हो रहे थे। 999 पेशेंट्स के रिकाॅर्ड में 15 मोबाइल नंबर सेम मिले हैं।
झोलाछाप डाॅक्टर लिख रहे थे मरीजों की दवा
रिपोर्ट के अनुसार उपराज्यपाल कार्यालय ने सतर्कता जांच की रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान विभाग को कई मोहल्ला क्नीनिक में एक भी डाॅक्टर नहीं मिला। वहीं झोलाछाप डाॅक्टर मरीजों की दवा लिख रहे थे। लाखों फर्जी टेस्ट कराकर प्राइवेट लैब्स को करोड़ों रुपए का भुगतान किया गया।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली सरकार के अस्पतालों और मोहल्ला क्नीनिकों में गैर मानक दवाओं की खरीद और आपूर्ति में घोटाले की मांग पर सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद सभी सरकारी अस्पतालों से सैंपल लिए गए थे। टेस्ट में कई दवाओं के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।