दिल्ली में दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए 17 साल के एक लड़के ने एक ऐप के जरिए ऑडी कार किराए पर ली थी. इसके बाद उन्होंने रातभर जश्न मनाया. लेकिन यह जश्न वसंत कुंज के पास किशनगढ़ में एक जानलेवा सड़क हादसे में बदल गया. लग्जरी कार ने तीन दूसरी गाड़ियों और एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी. इसके बाद युवक की चोट लगने से मौत हो गई. हादसा 4 अक्टूबर को किशनगढ़ में रेड लाइट के पास एक CNG पंप के पास हुआ.
पुलिस के मुताबिक, ऑडी कार की रफ्तार तेज थी और लापरवाही से चलाया जा रहा था. इस दौरान पैदल चल रहे 45 वर्षीय उमाशंकर को टक्कर मार दी गई. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं थीं, जिसके बाद उन्हें JPN एपेक्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार चला रहे 17 साल के नाबालिग को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने उसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया. पुलिस ने उस ऑडी कार और दूसरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 3/181 के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग लग्जरी गाड़ी किराए पर कैसे ले पाया. पुलिस ने रेंटल कंपनी से बुकिंग प्रोसेस, उम्र की पुष्टि, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और कार सौंपने से पहले अपनाई गई प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी है. अगर जांच में यह साबित होता है कि जरूरी वेरिफिकेशन नहीं किया गया था या नाबालिग को गाड़ी किराए पर देते समय नियमों का उल्लंघन किया गया था तो कंपनी के खिलाफ भी एक्शन होगा.
पुलिस यह भी पता कर रही है कि क्या नाबालिग ने पूरे टाइम कार चलाई या फिर बीच में ड्राइव करने लगा था. पुलिस उन सभी लोगों की पहचान करने की भी कोशिश कर रही है जो हादसे के वक्त ऑडी में सफर कर रहे थे.