दिवाली के बाद जामिया में 10 नवंबर से शुरू होंगी ऑफलाइन क्लास, यूनिवर्सिटी ने किया ऐलान
दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हालात एक बार फिर से नॉर्मल होने लगे हैं. इसी बीच शुक्रवार को यूनिवर्सिटी ने ऐलान किया है कि वो अब छात्रों को दी जा रही ऑनलाइन क्लास खत्म करने जा रही है.
शुक्रवार को जामिया यूनिवर्सिटी ने ऐलान किया है कि वो अब छात्रों को दी जा रही ऑनलाइन क्लास खत्म करने जा रही है.
(Photo: ANI)
दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों की मांगें पूरी होने के बाद भूख हड़ताल और प्रदर्शन खत्म हो गया है. अब जामिया में हालात एक बार फिर से नॉर्मल होने लगे हैं. इसी बीच शुक्रवार को यूनिवर्सिटी ने ऐलान किया है कि वो अब छात्रों को दी जा रही ऑनलाइन क्लास खत्म करने जा रही है. जामिया के रजिस्ट्रार महताब आलम रिजवी ने इस बारे में जानकारी दी है कि ऑनलाइन सिर्फ 9 नवंबर, 2026 तक ही चलेंगी और 10 नवंबर, 2026 से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होंगी. उन्होंने आगे बताया कि दूसरी मिड-टर्म परीक्षाएं अब 16 नवंबर, 2026 से 21 नवंबर, 2026 तक ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी.
जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों ने शुक्रवार को कैंपस में एक विजय मार्च निकाला और जश्न मनाया. विश्वविद्यालय ने 2006 से भंग पड़े छात्र संघ को फिर से बहाल करने के लिए एक टाइमलाइन की घोषणा की है. छात्रों ने ‘जामिया मिलिया इस्लामिया छात्र संघ’ (JMISU) के संविधान को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मंजूरी दिए जाने को, एक निर्वाचित प्रतिनिधि निकाय को बहाल करने के लिए अपने लंबे संघर्ष की जीत बताया. छात्रों ने ‘छात्र-युवा एकता जिंदाबाद’ लिखे पोस्टर लहराए.
#WATCH दिल्ली: जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) यूनिवर्सिटी में छात्रों का जश्न जारी है। यूनिवर्सिटी ने छात्र संघ के संविधान को मंजूरी देने और लागू करने के लिए 15 मई, 2027 की समय-सीमा तय की है। साथ ही, अगले शैक्षणिक सत्र के शुरू होने के छह सप्ताह के भीतर चुनाव कराए जाएंगे।
जामिया यूनिवर्सिटी ने 29 अक्टूबर को JMISU संविधान को लागू करने की मंजूरी दी और इसे पूरा करने के लिए 15 मई, 2027 की समय-सीमा तय की गई है. विश्वविद्यालय ने कहा कि संविधान को मंजूरी मिलने के बाद छात्र चुनावों पर लिंगदोह समिति की सिफारिशों और दिशानिर्देशों के मुताबिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी. इलेक्शन एकेडमिक सेशन शुरू होने के 6 हफ्ते के भीतर, यानी लगभग 16 जुलाई, 2027 के छह सप्ताह बाद कराए जाएंगे. आदेश में यह भी कहा गया है कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण जारी किए गए सभी शो-कॉज नोटिस, अनुशासनात्मक जांच, निष्कासन, सस्पेंशन और कैंपस में एंट्री पर लगी रोक को वापस लिया जाए.