Balraj Singh
Read More
---विज्ञापन---
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर हो दिल्ली के वरिष्ठ आम आदमी पार्टी नेता दुर्गेश पाठक ने रविवार को कहा कि भाजपाइयों के इरादे नापाक हैं। भारतीय जनता पार्टी सफाई कर्मचारियों को पक्का करने के विरोध में आ गई है। सफाई कर्मचारी पक्के ना हो इसके लिए कोर्ट में जाने की तैयारी भी कर रही है। विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा 5 हजार कर्मचारियों को पक्का करने और डीबीसी को एमटीएस बनाने के बाद से भाजपा लगातार सफाई कर्मचारियों को गाली दे रही है। सीएम अरविंद केजरीवाल और मेयर को जेल में डाल देने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल में सिर्फ 1090 सफाई कर्मचारियों को पक्का किया, जबकि आम आदमी पार्टी ने सिर्फ 8 महीने में 6494 कर्मचारियों को पक्का किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अपनी पार्टी के 15 साल के काम और हमारे आठ महीने के काम पर खुली बहस करके देख लें, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
दरअसल, विधायक एवं दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने रविवार को राउज एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एमसीडी के सदन में जब से 5 हजार कर्मचारियों को पक्का करने और 3 हजार से अधिक डीबीसी वर्कर को एमटीएस बनाने का प्रस्ताव पास हुआ है, तभी से भाजपा लगातार सफाई कर्मचारियों को अपमानित कर रही है। कोर्ट में चुनौती देकर प्रक्रिया को रुकवाने की मंशा में बैठे भाजपाई कह रहे हैं कि कर्मचारियों को पक्का करने की क्या जरूरत थी, इनको तो कच्चा ही रखते। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मेयर के खिलाफ गंदी-गंदी टिप्पणियां कर रहे हैं। यहां तक कि जेल में डाल देने की धमकी दे रहे हैं।हालांकि इससे पहले 15 साल तक भारतीय जनता पार्टी की यह जिम्मेदारी थी, लेकिन उन्होंने सफाई कर्मचारियों को पक्का नहीं किया। सफाई कर्मचारी कहते हैं कि उनसे रिश्वत मांगी गई कि पैसे दो तो पक्का करेंगे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में ‘सांसों पर इमरजेंसी’: 10 नवंबर तक प्राइमरी स्कूल बंद, छठी से 12वीं तक चलेंगी ऑनलाइन क्लासेज

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जैसे ही सदन में कर्मचारियों को पक्का करने का एजेंडा लाने की तैयारी की तो सबसे पहले नेता विपक्ष ने पत्र लिखा कि यह सदन गलत है। इसके बाद कहा कि 5 हजार कर्मचारियों को पक्का करने का एजेंडा कैसे लाया जा रहा है? इस एजेंडा को हटवाने की हर कोशिश की गई, लेकिन सीएम अरविंद केजरीवाल चट्टान की तरह अपने सफाई कर्मचारियों के साथ खड़े रहे। भाजपा वाले नहीं चाहते कि सफाई कर्मचारियों को सैलरी में फायदा मिले। क्योंकि पक्का होने के बाद सैलरी बढ़ जाती है, वरिष्ठता मिलने लग जाती है और पेंशन मिलती है। यह काम 2004 में हो जाना चाहिए था, लेकिन यह काम आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद 2023 में हुआ है। केजरीवाल ने यह बहुत अच्छा काम किया है, फिर भाजपा इसका क्यों विरोध कर रही है? क्यों वह कोर्ट जाने की बात कह रही है और शिकायत कर रही है? क्या भारतीय जनता पार्टी सफाई कर्मचारियों के साथ नहीं है?
यह भी पढ़ें: सांसों पर प्रदूषण का पहरा, पढ़ें कौन हैं दिल्ली की हवा के बड़े खलनायक?
भाजपा का इतिहास और एमसीडी में 15 साल का काम उठाकर देखें तो पता चलता है कि भाजपा किस तरह से सफाई कर्मचारियों के खिलाफ है, यह इन आंकड़ों से साफ पता चलता है। भाजपा ने 2017 में ईस्ट एमसीडी में सिर्फ 110 कर्मचारियों को पक्का किया, जबकि नॉर्थ और साउथ एमसीडी में किसी को पक्का नहीं किया गया था। इसके बाद 2018 में 190, 2019 में 294, 2020 में 198, 2021 में 408 कर्मचारियों को पक्का किया गया। वहीं आम आदमी पार्टी की सरकार ने महज 8 माह में 6494 कर्मचारियों को पक्का किया है। एमसीडी, अधिकारी और सिस्टम वही है, इसके बावजूद हमने कर्मचारियों को पक्का कर दिया, क्योंकि सीएम अरविंद केजरीवाल की नीयत ठीक है। अरविंद केजरीवाल चाहते हैं कि दिल्ली के सफाई कर्मचारियों की मदद की जाए। कच्चे कर्मचारियों को जब उचित तनख्वाह नहीं मिलेगी तो कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि वह दिल्ली को साफ करेगा। पिछले आठ माह से हम भाजपा के 15 सालों के पापों की धुलाई कर रहे हैं। दिल्ली अब साफ दिखने लगी है। कूड़े के पहाड़ बहुत तेजी से कम हो रहे हैं। इसके अलावा एमसीडी 311 एप पर शिकायत करते ही तत्काल उसका निवारण होता है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली NCR में प्याज महंगा मिलने टेंशन होगी दूर, बेहद कम दाम पर मिलेगा
विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि मैं विनम्रता से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को चुनौती देता हूं कि 15 साल के आपके काम और आठ माह के हमारे काम के ऊपर खुली बहस हो जाए। दिल्ली वालों को यह जानने का अधिकार है कि आपने कैसे एमसीडी को बर्बाद कर दिया। एमसीडी में भाजपा का शासन आने के ढाई साल बाद से कर्मचारियों को तनख्वाह मिलना बंद हो गई। हम उनको चुनौती देकर चर्चा करेंगे कि दिल्ली क्यों गंदी हो गई? क्यों कूड़े के पहाड़ों का निस्तारण नहीं हुआ और सीएंडडी प्लांट क्यों नहीं लगाया? इस दौरान केंद्र में भी बीजेपी की सरकार रही और आपके पास पूरी एमसीडी रही। अगर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष में दम है तो वह खुले में आकर चर्चा करें।
न्यूज 24 पर पढ़ें दिल्ली, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।