Patna News: बिहार की राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाके में गोलीकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पर पोलो रोड स्थित एनडीए सरकार में मंत्री अशोक चौधरी के घर के बाहर एक युवक को गोली मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने राहुल नामक के युवक पर गोली चलाई। आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे। हमले के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि पटना में आज ही नए एसएसपी कार्तिकेय शर्मा पदभार ग्रहण करने वाले हैं। गौरतलब है कि पटना के जिस इलाके में यह घटना हुई है यह सबसे वीवीआईपी इलाका है। यहां पर मंत्रियों, विधायकों और जजों के सरकारी आवास हैं। ऐसे में गोलीबारी होना अपने आप में प्रश्न चिन्ह खड़े करती है।
एसडीपीओ ने क्या कहा?
मामले में सचिवालय की एसडीपीओ अनु कुमारी ने बताया कि सुबह करीब 8ः30 बजे हवाई अड्डा थाना क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना मिली थी। इसके बाद कार्रवाई के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सामने आया कि राहुल नाम के युवक पर दो लोगों ने गोली चलाई है। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। जांच के एफएसएल की टीम बुलाई गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से रोका था
आरोपियों ने राहुल नाम के युवक को लूटपाट के इरादे से रोका था। इस दौरान राहुल ने डर से अपने पास जो था वो सब कुछ दे दिया। इसमें मोबाइल, पर्स और पैसे शामिल हैं। इसके बाद आरोपियों ने राहुल पर गोली भी चला दी। एसडीपीओ के अनुसार राहुल एक डॉक्टर का ड्राइवर है। ऐसे में राहुल से पूछताछ के बाद ही सामने आएगा कि क्या मामला था?