बिहार में एक बार फिर छात्र अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। STET परीक्षा की मांग को लेकर सैकड़ों की संख्या में अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतर आए हैं। ये छात्र स्पष्ट रूप से टीआरई-4 की परीक्षा से पहले STET परीक्षा आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर सड़क पर से जाम को हटाया।
मांगों को लेकर प्रदर्शन
पूरे बिहार से छात्र पटना पहुंचे और अपनी मांग को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया। इससे पहले 7 अगस्त को भी छात्रों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया था, लेकिन उस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी और छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया था।
CM आवास की ओर बढ़ने का किया था प्रयास
आज भी स्थिति लगभग वैसी ही बनती दिख रही है। पटना कॉलेज से निकला छात्रों का विशाल जुलूस जेपी गोलंबर होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहा था। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की स्थिति बिगड़े नहीं।
इसके बावजूद छात्र प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा तक पहुंच गए। जहां उनकी पुलिस के साथ भिड़ंत हो गई। नारेबाजी, धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति ने इलाके का माहौल तनावपूर्ण बना दिया।
छात्रों का क्या कहना है ?
छात्रों के मुताबिक, जब तक उनकी मांगों को सरकार नहीं मानती है, तब तक आंदोलन जारी रखेंगे। दूसरी ओर, पुलिस-प्रशासन हालात पर काबू पाने में जुटा है और कोशिश की जा रही है कि स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो।