
बिहार में RJD को बड़ा झटका, वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी का सभी पदों से इस्तीफा
Edited By Vijay Jain

Edited By Vijay Jain
Mrityunjay Tiwari Resigns RJD: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सबसे प्रमुख और टीवी बहसों में पार्टी का पुरजोर बचाव करने वाले वरिष्ठ प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने आज अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पटना स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को अपना त्यागपत्र सौंपा. तिवारी ने आरोप लगाया कि समर्पित कार्यकर्ताओं को पार्टी में कोई सम्मान नहीं मिल रहा है और आरजेडी को अंदर से कुछ लोग “दीमक की तरह चाट रहे हैं.”
मीडिया से बात करते हुए मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “अपमानित होकर राजनीति नहीं की जा सकती. समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के लिए अब राजद में कोई जगह या सम्मान नहीं बचा है.” मृत्युंजय तिवारी ने सीधे तौर पर किसी का नाम लिए बिना कहा कि पार्टी नेतृत्व कुछ चाटुकारों और बाहरी तत्वों के घेरे में आ चुका है, जो अंदर ही अंदर संगठन को नुकसान पहुंचा रहे हैं. तिवारी ने फिलहाल अपने अगले राजनीतिक कदम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता के सेवक बनकर काम करते रहेंगे.
मृत्युंजय तिवारी पिछले कई वर्षों से राजद का सबसे बड़ा चेहरा बनकर मीडिया में पार्टी का रुख रख रहे थे. हालांकि, अंदरूनी सूत्रों और उनके बयानों के अनुसार, संगठन के भीतर लंबे समय से उनके काम को नजरअंदाज किया जा रहा था. मृत्युंजय तिवारी का जाना केवल एक प्रवक्ता का इस्तीफा नहीं है, बल्कि यह बिहार की क्षेत्रीय राजनीति में गहराई से चल रहे बदलावों की ओर इशारा करता है. आरजेडी के पास जब भी राजनीतिक संकट या कानूनी विवादों का दौर आया, मृत्युंजय तिवारी ने टीवी डिबेट्स में फ्रंटफुट पर आकर लालू परिवार का बचाव किया. उनके हटने से पार्टी को मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक मजबूत और मुखर आवाज की कमी खलेगी.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: