---विज्ञापन---

बिहार angle-right

Jitan Ram Manjhi Attacked : केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी पर बिहार में हमला, मंच पर भाषण के दौरान फेंके पत्थर

Jitan Ram Manjhi Attacked: बिहार के गयाजी में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और HAM सुप्रीमो जीतनराम मांझी पर अचानक पत्थरबाजी की गई. भाषण के दौरान हुए इस हमले में मांझी बाल-बाल बचे. सुरक्षा में बड़ी चूक के बाद पुलिस ने दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है.

---विज्ञापन---

Jitan Ram Manjhi Attacked: बिहार के गयाजी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. शुक्रवार की शाम केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतनराम मांझी पर कुछ अज्ञात तत्वों ने अचानक पत्थरबाजी कर दी. यह घटना खिजरसराय इलाके में हुई, जहां वे एक निजी स्कूल के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
चश्मदीदों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी जब मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें निशाना बनाकर दूर से पत्थर फेंके गए. पत्थर ठीक केंद्रीय मंत्री के पास जाकर गिरे. गनीमत यह रही कि इस हमले में मांझी बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई. इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सुरक्षा में बड़ी चूक, 2 नाबालिग हिरासत में

केंद्रीय मंत्री पर हुए इस हमले ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे को हिलाकर रख दिया है. सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और पत्थर फेंकने के आरोप में दो नाबालिग लड़कों को हिरासत में ले लिया है. नीमचक बथानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार सिंह और एसडीओ केशव आनंद ने पकड़े गए लड़कों से कड़ी पूछताछ की है, हालांकि अभी तक पथराव के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.

---विज्ञापन---

हमले पर क्या बोले जीतनराम मांझी?

इस घटना के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने बेहद सहज अंदाज में कहा, “क्या आया, क्या गया, हमने नहीं देखा. कुछ लोग समाज में अच्छा काम नहीं होने देना चाहते हैं, वही लोग ऐसा कर रहे हैं.”

पहले भी मिल चुकी है धमकी

आपको बता दें कि जीतनराम मांझी को हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए जान से मारने की खुली धमकी मिली थी. इस मामले में कार्रवाई करते हुए गयाजी साइबर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर आरोपी राजेश राव उर्फ सरदार को नालंदा से गिरफ्तार किया था. इतना ही नहीं, बीते रविवार को गयाजी के बाराचट्टी से ‘हम’ विधायक और मांझी की समधन ज्योति देवी के साथ भी कुछ उपद्रवियों ने दुर्व्यवहार किया था. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

---विज्ञापन---
First published on: May 22, 2026 10:48 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

सीनियर न्यूज एडिटर विजय जैन को पत्रकारिता में 23 साल से अधिक का अनुभव है.  न्यूज 24 से पहले विजय दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों में अलग-अलग जगहों पर रिपोर्टिंग और टीम लीड कर चुके हैं, हर बीट की गहरी समझ है। खासकर शहर राज्यों की खबरें, देश विदेश, यूटिलिटी और राजनीति के साथ करेंट अफेयर्स और मनोरंजन बीट पर मजबूत पकड़ है. नोएडा के अलावा दिल्ली, गाजियाबाद, गोरखपुर, जयपुर, चंडीगढ़, पंचकूला, पटियाला और जालंधर में काम कर चुके हैं इसलिए वहां के कल्चर, खानपान, व्यवहार, जरूरत आदि की समझ रखते हैं. प्रिंट के कार्यकाल के दौरान इन्हें कई मीडिया अवार्ड और डिजिटल मीडिया में दो नेशनल अवार्ड भी मिले हैं. शिकायत और सुझाव के लिए स्वागत है- Vijay.kumar@bagconvergence.in

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola