खेल के मैदान में बिहार का बड़ा दांव! एशिया की टॉप 8 टीमें राजगीर में भिड़ेंगी, जानें कब होगा मुकाबला
Asia Rugby Championship: बिहार के प्राचीन और ऐतिहासिक शहर राजगीर में एशिया के सबसे बेहतरीन युवा रग्बी खिलाड़ी जल्द आमने-सामने होंगे। दरअसल, 9 अगस्त और 10 अगस्त को बिहार में एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन हो रहा है, जिसमें एशिया की टॉप 8 टीमें भिड़ेंगी।
Asia Rugby Championship 2025: सेपकटेकरा गेम के बाद अब बिहार के साथ रग्बी का नाम भी जुड़ने जा रहा है। अब बिहार केवल कहने के लिए ही एशिया टॉप नहीं रहा। यहां एशिया के शीर्ष रग्बी देश भी आ रहे हैं। ये सब बिहार के प्राचीन और ऐतिहासिक शहर राजगीर में होने जा रहा है। 9 अगस्त और 10 अगस्त को बिहार में एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन होगा। ये आयोजन वैश्विक पटल पर बिहार के साथ रग्बी के आयोजन को दर्ज देगा।
इस भव्य टूर्नामेंट में 8 पुरुष और 8 महिला टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन में भारत, हांगकांग, कजाकिस्तान, श्रीलंका, चीन, यूएई, उज्बेकिस्तान, मलेशिया (केवल पुरुष) और नेपाल (केवल महिला) जैसे एशिया के शीर्ष रग्बी देश अपनी जोर आजमाइश करेंगे।
Advertisment
फिल्म अभिनेता राहुल बोस ने जाहिर की खुशी
बिहार के राजगीर में होने वाले इस आयोजन को लेकर पूर्व रग्बी खिलाड़ी और फिल्म अभिनेता राहुल बोस ने अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा ‘बिहार की खेल यात्रा में ये मील का पत्थर साबित होने वाला है। अब तक खेल को लेकर बिहार की चर्चा कभी नहीं होती थी। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन का नतीजा है कि बिहार में रग्बी जैसे खेल के लिए अब माहौल तैयार किया जा रहा है।’
इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए 7 अगस्त 2025 से ही टीम राजगीर पहुंचने लगेंगी। राजगीर में बिहार की परंपरागत ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से टीम का स्वागत होगा। 8 अगस्त को राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के कबड्डी हॉल में रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जहां बिहार के सांस्कृतिक वैभव और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
विज्ञापन
एशिया की टॉप 8 टीमें भिड़ेंगी
बता दें कि ये कोई साधारण टूर्नामेंट नहीं है। एशिया के 32 रग्बी खेलने वाले देशों में से केवल शीर्ष 8 रैंकिंग वाली टीमें ही इस चैंपियनशिप में भाग लेती हैं यानी इस बार राजगीर में एशिया के सबसे बेहतरीन युवा रग्बी खिलाड़ी आमने-सामने होंगे।
यह आयोजन बिहार के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि रग्बी यहां 14 प्राथमिकता वाले खेलों में शामिल है। हाल ही के दिनों में नेशनल गेम्स में बिहार की महिला टीम ने रजत पदक जीता था। जबकि स्कूल गेम्स में बालक और बालिका टीमों ने जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग में चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था। गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम में बिहार के खिलाड़ी भी मैदान में नजर आएंगे, जो राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे।