Bihar Election 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक राम ने अब जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का दामन थाम लिया है। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अशोक राम का पार्टी बदलना काफी अहम माना जा रहा है। अभी तक अशोक राम बिहार में कांग्रेस के अध्यक्ष थे। अशोक राम कांग्रेस में एक बड़े दलित चेहरे के रूप में थे। अशोक राम ने रविवार को जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री रत्नेश सदा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद थे।
नीतीश के संकल्प को साकार करने की कही बात
जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद अशोक राम ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज और नेतृत्व से प्रभावित होकर जेडीयू में शामिल हुआ हूं। आज का दिन मेरे राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ है। मुझे लगता है कि बिहार को आज नीतीश कुमार जैसे अनुभवी और विकासोन्मुख नेता की जरूरत है। 2025 में ‘फिर से नीतीश’ के संकल्प को साकार करना है।
पिता भी 7 बार रहे विधायक
अशोक राम बिहार कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे 6 बार विधायक, कांग्रेस विधायक दल के नेता, कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वे कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) और केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सदस्य भी रहे हैं। अशोक राम साल 2000 में राबड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बने थे। अशोक राम के पिता बालेश्वर राम साल साल 1952 से 1977 तक 7 बार विधायक चुने गए थे। वह केंद्र में मंत्री भी रहे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाए गए थे।