'टीम इंडिया में कोई भी जसप्रीत बुमराह की जगह नहीं ले सकता' इस दिग्गज ने बताई ये वजह

Wasim Jaffer's statement to Bumrah

Wasim Jaffer's statement to Bumrah

T20 world cup 2022: टी20 विश्व कप 2022 से पहले टीम इंडिया को जसप्रीत बुमराह के रूप में बड़ा झटका लगा है। ये तेज गेंदबाज टीम इंडिया की रीढ़ की हड्डी माना जाता है, लेकिन वह बैक पैन के चलते वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है। ऑस्ट्रेलिया में टी 20 वर्ल्ड कप का आगाज होने में करीब 15 दिन का वक्त बाकी रह गया है।

जसप्रीत बुमराह के वर्ल्ड कप से बाहर होने को पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका बताया है।

बुमराह का हमारे पास कोई विकल्प नहीं- वसीम जाफर

वसीम जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हमारे पास बुमराह के लिए कोई विकल्प है। उनका भारतीय टीम में एक अहम रोल है। उनकी कमी बहुत खलेगी। बुमराह के रूप में गेंदबाजी करने के लिए हमारे पास कोई भी नहीं है। खासकर पावरप्ले के साथ-साथ डेथ (ओवरों) में।

मोहम्मद शमी को बताया बेहतर विकल्प

वसीम जाफर ने कहा कि बुमराह की जगह लेने के लिए सबसे अच्छा गेंदबाज शायद मोहम्मद शमी होगा, लेकिन फिर से डेथ बॉलिंग शमी के लिए चिंता का विषय है। बुमराह की अनुपस्थिति भारत की तैयारी के लिए एक बड़ा झटका होने जा रहा है’।

एशिया कप भी नहीं खेल पाए बुमराह

जसप्रीत बुमराह ने जुलाई में इंग्लैंड दौरे के बाद ब्रेक लिया था। इसके बाद एशिया कप में वह टीम में वापसी करने वाले थे, लेकिन इस टूर्नामेंट के ठीक पहले उन्हें पीठ में समस्या हुई थी। लिहाजा वह पूरे एशिया कप से भी बाहर हो गए थे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी वापसी

जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में सपन्न हुई टी20 सीरीज के दूसरे मैच में वापसी की थी। उन्होंने दूसरा और तीसरा टी 20 मैच भी खेला था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में खेलने से चूक गए। इसके बाद बीसीसीआई ने ट्वीट के माध्यम से बुमराह की पीठ में दर्द की शिकायत का खुलासा किया था। अब खबर आ रही है कि वो टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ