MS Dhoni के कॉन्फिडेंस ने संवार दिया मेरा करियर, जूनियर मलिंगा ने दिल खोलकर की कैप्टन कूल की तारीफ
Edited By Bhoopendra Rai

Matheesha Pathirana Praises MS Dhoni
Edited By Bhoopendra Rai

Matheesha Pathirana Praises MS Dhoni
Matheesha Pathirana Praises MS Dhoni: टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी को सफलतम कप्तान माना जाता है। उन्होंने कई खिलाड़ियों का करियर संवारा है। इन्हीं में से एक हैं श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना, जिन्होंने साल 2023 में खेले गए आईपीएल में कमाल की गेंदबाजी का नजारा पेश किया था, जिसके बाद उन्हें श्रीलंका की नेशनल टीम ने वापस मौका दिया। मथीशा पथिराना कहते हैं कि एमएस धोनी अपने खिलाड़ियों को इतना कॉन्फिडेंस देते हैं कि उससे लगता है कि वो सबकुछ कर सकता है।
लंका प्रीमियर लीग में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे मथीशा पथिराना ने कहा एक युवा के तौर पर जब आपको कोई इस तरह कॉन्फिडेंस देता है तो करियर में आगे बढ़ने को लेकर मदद मिलती है। मथीशा ने धोनी के मार्गदर्शन को लेकर उनका शुक्रिया किया और कहा कि ‘उन जैसे बड़े प्लेयर ने मेरे ऊपर भरोसा जताया, जिसके बाद लगा कि मैं उस वक्त कुछ भी कर सकता हूं। ना केवल मुझे बल्कि एम एस धोनी ने हर एक खिलाड़ी को कॉन्फिडेंस दिया।’
मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स टीम को लेकर कहा- टीम के 5 खिलाड़ी चोटिल थे, एमएस ने ऐसे वक्त में युवाओं पर भरोसा जताया, जो बड़ी बात थी। उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है। वह काफी विनम्र रहते हैं, इसलिए वह इतने सफल हैं। 42 की उम्र में वह सबसे फिट क्रिकेटर हैं। ये काफी प्रेरित करने वाली चीज है।
श्रीलंका के स्टार गेंदबाज रहे लसिथ मलिंगा अपने अनोखे गेंदबाजी एक्शन को लेकर फेमस हुए। उनके बाद अब श्रीलंका में मथीशा पथिराना को जूनियर मलिंगा कहा जाता है। यह युवा गेंदबाज भी अपने सीनियर खिलाड़ी लसिथ मलिंगा की तरह गेंद डालते हैं। दोनों का एक्शन काफी मिलता जुलता है। कम समय में इस विदेशी गेंदबाज को आईपीएल से बड़ी पहचान मिली है।
मथीशा पथिराना ने आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ डेब्यू किया था। उस सीजन वह 2 मैचों में सिर्फ 2 विकेट ले पाए थे। इसके अलगे सीजन 2023 में इस गेंदबाज ने कमाल कर दिया। धोनी की कप्तानी में पथिराना छा गए। उन्होंने अपनी टीम के लिए डेथ ओवरों में कमाल की गेंदबाजी की। 12 मैचों में 8 की इकॉनमी से कुल 19 विकेट चटकाए। चेन्नई को 5वीं बार विजेता बनाने में इस खिलाड़ी ने खास योगदान दिया था।
मथीशा पथिराना वही गेंदबाज हैं, जिन पर उनकी ही नेशनल टीम ने ज्यादा भरोसा नहीं दिखाया था। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 2022 में टी20 डेब्यू किया। सिर्फ 1 मैच खेलकर उन्हें बाहर कर दिया गया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने इस खिलाड़ी पर भरोसा किया और धोनी की कप्तानी में उसका करियर संवर गया। आईपीएल 2023 के कई मैचों में देखा गया है कि मुकाबले के दौरान एमएस धोनी इस खिलाड़ी को गाइड करते नजर आए। अब वह श्रीलंका टीम के रेगुलर टीम में शामिल हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: