England BazBall Cricket: पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड की ”बैजबॉल” क्रिकेट काफी सुर्खियों में रही है। पिछले साल इंग्लैंड में खेली गई एशेज सीरीज में भी इंग्लैंड की टीम इसी रणनीति के साथ मैदान पर उतरी थी। एशेज के शुरुआती दो मुकाबले हारने बाद भी उन्होंने अपने खेल में परिवर्तन न करते हुए आगे भी इस तरह से खेलना जारी रखा। इसका नतीजा यह रहा कि इंग्लैंड शुरुआती 2 मैचों में पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करते हुए सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करवाया। अब ”बैजबॉल” पर भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, इंग्लैंड के कोच बनने से पहले ब्रैंडन मैक्कुलम आईपीएल में केकेआर की टीम में कोच की भूमिका निभा चुके हैं। उस समय टीम की कमान दिनेश कार्तिक के हाथों में थी। दिनेश कार्तिक ने इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैक्कुलम की बैजबॉल रणनीति को लेकर कई चौंकाने वाली बातें बताई है। इसके बारे में काफी कम लोग जानते हैं। चलिए आपको बताते हैं कि दिनेश कार्तिक ने ब्रेंडन मैकुलम को लेकर क्या कहा है।
‘ब्रैंडन मैकुलम बल्लेबाजों से करवाते हैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन’
दिनेश कार्तिक ने इंग्लैंड टीम में कोच की भूमिका निभा रहे ब्रैंडन मैक्कुलम को लेकर कहा ”उन्हें पता है कि अपने खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे लेना है। वह अपने खिलाड़ियों को उनकी शैली के अनुसार खेलने का मौका देते हैं। साथ ही वह अपने गेम प्लान में अपने खिलाड़ियों को भी शामिल करते हैं”।
इंग्लैंड की सभी टीमें ”बैजबॉल” रणनीति अपनाती है’
इंग्लैंड लायंस के साथ बतौर सलाहकार जुड़ चुके दिनेश कार्तिक ने कहा कि इंग्लैंड की सीनियर टीम हो या फिर इंग्लैंड लायंस हो, दोनों एक तरीके से ही खेलती है। टीम शुरुआत से ही आक्रामक क्रिकेट खेलती है, जिसका फायदा उनको मिलता है। उनका माइंड सेट साफ है कि उन्हें आक्रामक खेलना है। चाहे ऊपरी क्रम के बल्लेबाज हो या फिर लोअर ऑडर बल्लेबाज, वह एक तरह से ही बल्लेबाजी करते हैं।
‘बैजबॉल शब्द को कई टीमें अभी तक नहीं समझ पाई हैं’
दिनेश कार्तिक ने बैजबॉल शब्द को लेकर कहा कि कई ऐसी टीमें हैं, जो बैजबॉल शब्द को समझने में नाकाम रही है। इसका मतलब होता है कि आप मुश्किल परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे दें। बैजबॉल का मतलब यह नहीं है कि आप हर ओवर में 6 या 7 रन बनाएं, बल्कि इसका मतलब यह है कि अगर विरोधी टीम मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे रही है, तो आप अपना गेम खेलें, लेकिन अगर वह मैच में हावी है, तो आप अपना रक्षात्मक क्रिकेट खेलें।