Yashasvi Jaiswal: इंग्लैंड की धरती पर यशस्वी जायसवाल पहले ही टेस्ट मैच में अपनी धांसू बल्लेबाजी से महफिल लूट ले गए हैं। हेडिंग्ले में खेले जा रहे टेस्ट की पहली पारी में यशस्वी ने जोरदार शतक ठोक डाला है। यशस्वी ने अपनी सेंचुरी 144 गेंदों पर पूरी की। इंग्लैंड की सरजमीं पर पहली बार खेल रहे यशस्वी ने मेजबान टीम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। शतक तक पहुंचने के लिए टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज ने 16 चौके और एक सिक्स जमाए। सेंचुरी जड़ने के साथ ही यशस्वी ने खास मुकाम भी हासिल कर लिया है।
यशस्वी के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि
यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक 144 गेंदों में पूरा किया। अपनी इस इनिंग के दौरान यशस्वी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उनके आगे इंग्लिश गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया। यशस्वी इंग्लैंड की धरती पर पहली ही पारी में शतक लगाने वाले महज पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। आखिरी बार यह कारनामा मुरली विजय ने साल 2014 में करके दिखाया था। वहीं, सौरव गांगुली ने 1996 में 131 रन की दमदार पारी खेली थी। यानी 11 साल बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने इंग्लैंड की सरजमीं पर यह कारनामा करके दिखाया है।
राहुल-गिल संग जमाया रंग
यशस्वी जायसवाल ने केएल राहुल के साथ मिलकर टीम इंडिया को जोरदार शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए यशस्वी-राहुल ने 91 रन जोड़े। राहुल 42 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, डेब्यू मैच में केएल राहुल बुरी तरह से फ्लॉप रहे और वह अपना खाता तक नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने यशस्वी के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। टी-ब्रेक तक गिल और यशस्वी तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 154 गेंदों पर 123 रन जोड़ चुके हैं। यशस्वी 100 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं, जबकि शुभमन गिल 58 रन बनाकर खेल रहे हैं। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज अब तक दो सेशन में भारतीय बैटर्स के आगे पूरी तरह से बेबस नजर आए हैं।