Trish Stratus: WWE में ट्रिश स्ट्रेटस का बहुत बड़ा नाम है. 49 साल की उम्र में भी रेसलिंग की दुनिया में सबसे दमदार महिलाओं में से वह एक हैं. इस कारण से WWE ने उन्हें हॉल ऑफ फेम में भी शामिल किया. स्ट्रेटस का करियर सफल रहा है. मजेदार स्टोरीलाइन्स के लिए उन्हें आज भी याद किया जाता है. स्ट्रेटस ने बहुत पहले रिटायरमेंट ले लिया था. हालांकि, वह बीच-बीच में अभी भी रिंग में मैच लड़ती हुई दिखाई देती हैं. खैर स्ट्रेटस ने सोशल मीडिया के जरिए एक बुरी खबर दी है. उन्होंने बताया कि उनकी मां का निधन हो गया है. स्ट्रेटस शोक में डूब गई हैं.
WWE हॉल ऑफ फेमर ने दी बड़ी जानकारी
ट्रिश स्ट्रेटस ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां का एक वीडियो शेयर किया. स्ट्रेटस ने बताया कि उनकी मां कैंसर से गुजरीं, जिस कारण से उनका निधन हो गया. उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ सालों में अपनी मां को WWE के कई शोज में लाई थीं. स्ट्रेटस ने अपना दर्द बयां करते हुए लिखा,”मेरी मां चली गई हैं. मुझे समझ नहीं आ रहा है कि यह कैसे लिखूं. पिछले हफ्ते उनका निधन हो गया था. मैं शब्द नहीं ढूंढ पा रही हूं. वह हमेशा मेरे साथ थीं लेकिन अब नहीं रहेंगी. आपने उन्हें कई बार मेरे साथ देखा होगा. मुझे अब अपने बच्चों को समझाना है कि अब वह मेरे साथ नहीं रहेंगी. यह मेरे लिए कठिन कामों में से एक था”.
दिग्गज ने आगे कहा,”मेरी मां ने जिंदगी में कई लड़ाइयों का सामना मजबूती से किया है. मैं हमेशा उन्हें देखकर हैरान हो गई. वह सबसे पहले दूसरों के बारे में सोचती थीं. मेरा दिल टूट गया है. जिंदगी अब पहले जैसे नहीं रहेगी. लोगों ने मुझे बताया कि वक्त सब ठीक कर देगा लेकिन अभी तो ऐसा लग रहा है जैसे मैंने सब खो दिया. आपका शुक्रिया. मुझे आपकी बहुत याद आएगी”.
WWE में कब लड़ा था ट्रिश स्ट्रेटस ने अंतिम मैच?
13 जुलाई, 2025 को Evolution प्रीमियम लाइव इवेंट का आयोजन हुआ था. वहां पर ट्रिश स्ट्रेटस ने टिफनी स्ट्रेटन को विमेंस चैंपियनशिप के लिए चुनौती दी थी. दोनों के बीच तगड़ा मैच हुआ था. अंत में टिफनी ने स्ट्रेटस को हराकर टाइटल रिटेन किया था. एक पार्ट टाइमर के रूप में ट्रिश का एक्शन देखकर सभी हैरान रह गए थे. फ्यूचर में उनके और भी बड़े मुकाबले फैंस को देखने को मिल सकते हैं.