T20 World Cup 2024 Points Table: विश्व कप में 19वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले को टीम इंडिया ने 6 रनों से जीतकर प्वाइंट्स टेबल पर कब्जा भी कर लिया है। इस विश्व कप में जहां ये टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत थी तो वहीं पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार। जीत के साथ टीम इंडिया का सुपर-8 में पहुंचना लगभग तय हो गया है। वहीं पाकिस्तान पर अब सुपर-8 से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
पाकिस्तान विश्व कप से लगभग बाहर
बाबर आजम की पाकिस्तान इस विश्व कप में अभी तक अपने दो मुकाबले खेल चुकी है और दोनों में ही टीम को हार का सामना करना पड़ा है। पहले मैच में पाक को मेजबान यूएसए ने हराया था तो वहीं दूसरे मैच में भारत ने धूल चटाई। 2 मैचों में 2 हार के साथ पाक टीम ग्रुप ए में चौथे नंबर पर है।
यहां से पाकिस्तान के लिए सुपर-8 में जगह बना पाना काफी मुश्किल माना जा रहा है। हालांकि अगर पाक टीम अपने अगले दोनों मुकाबले अच्छे अंतराल से जीते और यूएसए अपने दोनों मैच हार जाए तो बाबर की टीम आगे बढ़ सकती है। पाकिस्तान के अगले दो मैच में कनाडा और आयरलैंड के साथ होने वाले हैं।
भारत ने 6 रन से जीता मैच
इस मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। जो पहली पारी तक सही भी साबित हुआ था, क्योंकि टीम इंडिया 119 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इस बाद लग रहा था मैच पाकिस्तान की मुट्ठी में है। लेकिन टीम इंडिया के खतरनाक गेंदबाजी लाइनअप के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी की हेकड़ी निकल गई। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 113 रन ही बना सकी और टीम इंडिया ने 6 रनों से मैच को जीत लिया।