T20 World Cup 2024 IND Vs USA: भारत और यूएसए के बीच खेले गए मैच को टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया की इस टूर्नामेंट में ये लगातार तीसरी जीत थी। इसके साथ ही रोहित एंड कंपनी अब सुपर-8 में पहुंच गई है। भले ही टीम इंडिया इस मैच को जीत गई हो लेकिन एक बार फिर से यूएसए के स्टार गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने अपनी कमाल की गेंदबाजी से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
सौरभ नेत्रवलकर बने पहले गेंदबाज
भारत के खिलाफ सौरभ नेत्रवलकर ने एक बार फिर से कमाल की गेंदबाजी का नजारा पेश किया। इस मैच में सौरभ ने टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का विकेट चटकाया था। जिसमें कोहली को तो सौरभ ने पहली ही गेंद पर पवेलियन का रास्ता दिखाया था।
अब सौरभ आईसीसी टूर्नामेंट में विराट कोहली को गोल्डन डक पर आउट करने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। वहीं कोहली भी टी20 विश्व कप में पहली बार गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। इस मैच में सौरभ नेत्रवलकर ने गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे। इस टूर्नामेंट में सौरभ कमाल की गेंदबाजी कर रहे हैं।
टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीता मैच
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएसए ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 110 रन बनाए थे। टीम इंडिया की तरफ से अर्शदीप सिंह ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए थे। इसके बाद टीम इंडिया ने इस लक्ष्य को 18.2 ओवर में हासिल कर लिया था। भारत की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 50 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा शिवम दुबे ने 31 रन बनाए थे।