T20 World Cup 2024 IND vs AFG: टीम इंडिया आज से अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत करने जा रही है। सुपर-8 में भारतीय टीम का सामना अफगानिस्तान से होगा। 8 दिनों के लंबे ब्रेक के बाद आज रोहित एंड कंपनी एक्शन में होगी। अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एक-दो बदलाव देखने को मिल सकता है। अभी तक टीम इंडिया ने अपने सभी मैच अमेरिका में खेले थे। जिसके बाद अब सुपर-8 के सभी मैच वेस्टइंडीज में खेले जाएंगे।
इस तेज गेंदबाज की होगी छुट्टी!
अभी तक अमेरिका में खेले गए मुकाबलों में तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिली थी। जिसके चलते टीम इंडिया तीन तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरी थी। वहीं वेस्टइंडीज में स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है। ऐसे में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से आज एक तेज गेंदबाज का पत्ता कट सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अफगानिस्तान के साथ होने वाले मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर किया जा सकता है। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के मुकाबले सिराज का प्रदर्शन उतना खास नहीं रहा है।
कुलदीप यादव की होगी एंट्री!
अफगानिस्तान के साथ होने वाले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव में से कौन कप्तान रोहित शर्मा की पहली पसंद होगा। अभी तक इन दोनों को एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है।
रिपोर्ट्स के अनुसार वेस्टइंडीज की स्पिन फ्रेंडली पिचों पर टीम इंडिया को कुलदीप यादव ज्यादा फायदा पहुंचा सकते हैं। भले ही चहल ने आईपीएल में कुलदीप से ज्यादा विकेट लिए हो लेकिन इकॉनमी रेट की बात करे तो वो कुलदीप का ज्यादा बेहतर है। ऐसे में चहल की बजाय कुलदीप पर ज्यादा भरोसा जताया जा सकता है।