Yashasvi Jaiswal: इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में गैरजिम्मेदराना शॉट खेला। जायसवाल ने 7 गेंदों का सामना किया और 0 रन पर पवेलियन लौट गए। उन्होंने भारत को खराब शुरुआत दिलाई, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। लॉर्ड्स टेस्ट हारने के बाद भारतीय टीम 5 मैचों की खेली जा रही टेस्ट सीरीज में 1-2 से पीछे हो गई। इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज गेंदबाज स्टूअर्ट ब्रॉड ने भारत की हार का जिम्मेदार यशस्वी जायसवाल को बताया। उन्होंने जायसवाल की जमकर आलोचना की।
यशस्वी जायसवाल की हुई आलोचना
तेज गेंदबाज स्टूअर्ट ब्रॉड ने जायसवाल पर तीखा हमला किया। उन्होंने फॉर द लव ऑफ क्रिकेट पॉडकास्ट पर कहा कि तो जायसवाल का आउट होना, वाकई खराब शॉट था। मुझे हैरानी है कि उन्होंने ऑफ साइड में कट करने की कोशिश नहीं की, अचानक इंग्लैंड को लगा कि ठीक है, हम गेम में अंदर हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाते हैं। ब्रॉड का मानना है कि जायसवाल के विकेट के बाद इंग्लैंड खेल में पूरी तरह से हावी हो गई। उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही करुण नायर आए, वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर गेंद को उसकी योग्यता के अनुसार खेलते हैं, इंग्लैंड गेंद पर नियंत्रण रख सकता था और आक्रामक फील्डिंग लगाकर दबाव बना सकता था। इसलिए मुझे लगा कि यह वाकई एक बड़ा पल था। इंग्लैंड ने शुरुआत में ही सफलता हासिल कर ली।
भारत को 22 रनों से मिली शिकस्त
लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम 193 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। लेकिन भारत की पारी 170 रनों पर ही सिमट गई। भारत को इस मैच में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टॉप ऑर्डर बल्लेबाज इस मैच में बुरी तरह से विफल रहे। टीम इंडिया की ओर से सबसे ज्यादा रन स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने बनाए। उन्होंने नाबाद 181 गेंदों में 61 रनों की पारी खेली थी। लेकिन ये जीत के लिए काफी नहीं था।