Asian Games 2026, Smriti Mandhana: जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे महिला क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारतीय उपकप्तान और स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है. गोल्ड मेडल के लिए खेले जा रहे इस मुकाबले में मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा और 45 गेंदों पर 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस पारी के दौरान मंधाना वो कारनामा कर दिखाया है, जो महिला क्रिकेट के इतिहास में अब तक कोई खिलाड़ी नहीं कर सकी थी.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल मुकाबले में ओपनिंग करने उतरी भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली. मंधाना ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर कुटाई की और 45 गेंदों में 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 79 रनों की बेहतरीन पारी खेली. वहीं, इस पारी के दौरान उन्होंने 13 रन बनाते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 11000 रन पूरे कर लिए. इसी के साथ मंधाना 11000 इंटरनेशनल रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गईं. उन्होंने अपने 308वें इंटरनेशनल मैच में यह उपलब्धि हासिल की है. मंधाना ने हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था.
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप 5 खिलाड़ी
स्मृति मंधाना (भारत): 11060* रन
मिताली राज (भारत): 10868 रन
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड): 10740 रन
शार्लेट एडवर्ड्स (इंग्लैंड): 10273 रन
स्मृति-शेफाली की जोड़ी ने रचा इतिहास
वहीं, इस मैच में स्मृति मंधाना ने अपने साथी ओपनर शेफाली वर्मा के साथ मिलकर एक और बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है. स्मृति और शेफाली ने पहले विकेट के लिए 60 गेंदों पर 90 रनों की साझेदारी की. स्मृति-शेफाली की जोड़ी पहले से ही महिला टी20 इंटरनेशनल में एकसाथ सबसे ज्यादा पार्टनरशिप रन बनाने वाली जोड़ी थी. अब इस मैच में दोनों ने एकसाथ पार्टनरशिप में 4000 रनों का आंकड़ा छू लिया. दुनिया में किसी भी विकेट के लिए टी20 इंटरनेशनल में ऐसा करने वाली यह पहली जोड़ी बनी. शेफाली ने 29 गेंदों पर 48 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के जड़े.
महिला T20I में किसी भी विकेट के लिए एकसाथ सबसे ज्यादा रन
4000 रन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा (IND-W)
2949 रन: ईशा ओजा, तीर्था सतीश (UAE-W)
2720 रन: एलिसा हीली, बेथ मूनी (AUS-W)
2556 रन: सूजी बेट्स, सोफी डिवाइन (NZ-W)
मंधाना और शेफाली के अलावा, ऋचा घोष ने 22 गेंदों पर नाबाद 49 रनों की पारी खेली और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचा दिया. टीम इंडिया ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद मैच में भारत की जीत पक्की मानी जा रही है. यानी भारत का गोल्ड मेडल लगभग पक्का हो गया है.