India vs West Indies 2nd Test: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है, इस मैच में टीम इंडिया ने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया है. पहले यशस्वी जायसवाल ने 175 रनों की शानदार पारी खेली, तो वहीं दूसरे दिन कप्तान शुभमन गिल ने शतक जड़ा. शतज जड़ने के साथ ही कप्तान शुभमन गिल ने वो कारनामा करके दिखाया जो बतौर कप्तान विराट कोहली भी नहीं कर पाए थे.
गिल ने हासिल की खास उपलब्धि
दिल्ली टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. बतौर कप्तान शुभमन गिल ये अपनी दूसरी टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं, लेकिन दूसरी ही टेस्ट सीरीज में उन्होंने कमाल करके दिखाया है. शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 10वां शतक लगाया, जबकि बतौर कप्तान ये उनका 5वां शतक है. महज 12 पारियों में गिल ने बतौर कप्तान 5 शतक लगाने का बड़ा कारनामा करके दिखाया है. विराट कोहली भी बतौर कप्तान अपने करियर कभी इतनी तेज 5 टेस्ट शतक नही लगाए पाए थे.
हालांकि इंडियन क्रिकेट इतिहास में बतौर टेस्ट कप्तान सबसे तेज 5 शतक लगाने का रिकॉर्ड दिग्गज सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 10 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी. इसके अलावा वर्ल्ड क्रिकेट में ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक के नाम है जिन्होंने 9 पारियों में ये इतिहास रच दिया था.
एक कैलेंडर ईयर में 5 टेस्ट शतक
शुभमन गिल के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 10 शतक दर्ज हो गए हैं. जिनमें से 5 शतक गिल ने एक कैंलेडर ईयर में ही लगाए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ गिल का ये पहला टेस्ट शतक है. एक कैलेंडर ईयर में 5 शतक लगाने का कारनामा टीम इंडिया के लिए विराट कोहली 2 बार कर चुके हैं. कोहली ने साल 2013 और 2017 में ये कारनामा करके दिखाया था.
दिल्ली टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया ने 518 रन बनाकर पारी को घोषित कर दिया. टीम इंडिया को दूसरे सेशन में ध्रुव जुरेल के रूप में पांचवां झटका लगा था. जुरेल 44 रन बनाकर आउट हुए थे तो वहीं कप्तान गिल 129 रन बनाकर नाबाद रहे.