Shreyas Iyer PBKS vs KKR: पंजाब किंग्स के होम ग्राउंड पर कप्तान श्रेयस अय्यर की फजीहत हो गई है। पिछले सीजन अपनी कप्तानी में केकेआर को चैंपियन बनाने वाले अय्यर कोलकाता के खिलाफ बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में अय्यर के ट्रंप कार्ड रहे हर्षित राणा ने पंजाब के कप्तान को चलता किया। अय्यर की पारी का अंत महज 2 गेंदों में हो गया। आईपीएल 2025 में श्रेयस पहली बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं। टॉस जीतने के बाद पहले बैटिंग करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और 10 ओवर के अंदर ही आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है।
अय्यर हुए फ्लॉप
मुल्लांपुर में टॉस का सिक्का पंजाब किंग्स के पक्ष में उछला और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन ने तूफानी अंदाज में शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 3.2 ओवर में 39 रन ठोक डाले। हालांकि, इसके बाद एक ही ओवर में हर्षित राणा ने पंजाब को दो बड़े झटके दिए। हर्षित ने पहले प्रियांश की पारी का अंत किया और उन्हें 22 रन के स्कोर पर चलता किया। इसके बाद क्रीज पर उतरे कप्तान श्रेयस अय्यर भी 2 गेंद खेलकर चलते बने। अय्यर हर्षित के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन रमनदीप सिंह को आसान सा कैच दे बैठे। श्रेयस को बिना खाता खोले पवेलियन लौटना पड़ा।
पंजाब की हालत खस्ता
श्रेयस अय्यर के पवेलियन लौटने के बाद प्लेइंग 11 में शामिल किए गए जोश इंग्लिस भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 2 रन बनाकर चलते बने। प्रभसिमरन 15 गेंदों में 30 रन बनाने के बाद हर्षित का तीसरा शिकार बने। नहेल वढ़ेरा भी 10 रन बनाकर एनरिक नॉर्टजे की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। ग्लेन मैक्सवेल ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 7 रन ही बना सके। सूर्यांश शेडगे भी हाथ आए मौके को भुनाने में नाकाम रहे और 4 रन बनाकर आउट हुए।