Shubman Gill IND vs ENG: रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में सौंप दी गई है। आगामी इंग्लैंड दौरे पर गिल की बतौर कप्तान अग्निपरीक्षा होगी। इंग्लिश धरती पर कप्तान के तौर पर शुभमन का पहला ही टेस्ट आसान नहीं होगा। हालांकि, पूर्व भारतीय सिलेक्टर सबा करीम ने गिल को इंग्लैंड में सफल होने का गुरुमंत्र दे डाला है। सबा ने भरोसा जताया है कि भारतीय टीम के नए टेस्ट कप्तान इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब होंगे। टीम इंडिया को इंग्लैंड से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ना है, जिसकी शुरुआत 20 जून से होनी है।
गिल को मिला गुरुमंत्र
सबा करीम ने पीटीआई के साथ बातचीत करते हुए कहा, “शुभमन गिल के लिए यह बड़ा टेस्ट होगा। मुझे उम्मीद है कि वह इसके लिए पूरी तरह से तैयार होंगे। एक प्लेयर के तौर पर यह उनके पास बढ़िया मौका होगा। गिल को इंग्लैंड में बल्ले से रंग जमाना होगा। शुभमन अगर ऐसा करने में सफल रहते हैं, तो इसका सकारात्मक असर उनकी कप्तानी पर भी पड़ेगा। मैं इस युवा भारतीय टीम से इंग्लिश धरती पर अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहा हूं। मुकाबले काफी रोमांचक होंगे और मुझे लगता है कि यह टीम इस चीज के लिए तैयार है।”
इंग्लैंड में संघर्ष करते हैं गिल
शुभमन गिल को इंग्लैंड की सरजमीं कुछ खास रास नहीं आती है। गिल ने इंग्लैंड में अब तक कुल 3 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान खेली 6 पारियों में 14 की मामूली औसत से खेलते हुए सिर्फ 88 रन बनाए हैं। शुभमन अब तक अपने टेस्ट करियर में एक भी शतक या अर्धशतक इंग्लैंड में नहीं जड़ सके हैं। यही वजह है कि कप्तानी के साथ-साथ गिल की बल्लेबाजी पर भी हर किसी की निगाहें रहने वाली हैं। माना जा रहा है कि विराट कोहली के संन्यास के बाद अब गिल टेस्ट टीम में नंबर चार की पोजीशन पर भी खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।