PBKS vs RCB आईपीएल 2025 के पहले क्वालिफायर मैच में पंजाब किंग्स को शर्मनाक हार का मुंह देखना पड़ा। आरसीबी के गेंदबाजों के आगे पंजाब का मजबूत बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम सिर्फ 101 रन बनाकर ढेर हो गई। प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर, शशांक सिंह जैसे बैटर्स सस्ते में पवेलियन लौटे। बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बाद टीम के बॉलर्स भी कोई चमत्कार नहीं दिखा सके। हालांकि, आरसीबी के खिलाफ मिली हार के बावजूद पंजाब का इंडियन प्रीमियर लीग में सफर समाप्त नहीं हुआ है।
पंजाब को मिलेगा एक और मौका
पंजाब किंग्स ने लीग स्टेज में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। 14 मैचों में से पंजाब ने 9 में जीत का स्वाद चखा था और टेबल में टॉप पर रहते हुए पहले क्वालिफायर में एंट्री मारी थी। टॉप 2 में फिनिश करने का अब असली फायदा पंजाब को मिलेगा। आरसीबी के खिलाफ मिली हार के बावजूद टीम के पास फाइनल में पहुंचने और ट्रॉफी जीतने का एक और मौका होगा। दरअसल, अब पंजाब दूसरा क्वालिफायर मैच खेलेगी, जो एक जून को खेला जाना है। एलिमिनेटर मैच को जीतने वाली टीम की भिड़ंत पंजाब के साथ दूसरे क्वालिफायर में होगी। अब अगर श्रेयस अय्यर की सेना दूसरे क्वालिफायर में जीत दर्ज करने में सफल रहती है, तो टीम फाइनल में पहुंच जाएगी, जहां उसका सामना एक बार फिर आरसीबी के साथ हो सकता है।
बुरी तरह फ्लॉप पंजाब का बैटिंग ऑर्डर
पहले क्वालिफायर मुकाबले में पंजाब किंग्स का बैटिंग ऑर्डर बुरी तरह से फ्लॉप रहा। टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके। प्रियांश आर्या सिर्फ 7 रन बनाकर चलते बने, तो प्रभसिमरन को 18 रन के स्कोर पर भुवनेश्वर ने पवेलियन भेजा। जोश इंग्लिस को 4 और कप्तान श्रेयस अय्यर को 2 रन के स्कोर पर जोश हेजलवुड ने चलता किया। नेहल वढेरा को 8 रन के स्कोर पर यश दयाल ने क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा। शशांक सिंह सुयश शर्मा की फिरकी में बुरी तरह से उलझकर रह गए, जबकि मुशीर खान भी सुयश से पार नहीं पा सके। टीम की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जिसके चलते पंजाब की टीम 100 रनों का आंकड़ा पार कर सकी।