Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। 25 जुलाई को मुकाबले का तीसरा दिन समाप्त हुआ। तीसरे दिन भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने कमाल दिखाया और भारतीय गेंदबाजी बेअसर रही। खासकर जसप्रीत बुमराह अपनी लय में नजर नहीं आए। उन्होंने इस मैच में अब तक केवल 1 बार 140 की गति से गेंदबाजी की। सामने आए आंकड़े ने सभी को चौंका दिया। भारतीय तेज गेंदबाजी युनिट की शान कहे जाने वाले जस्सी इस मैच में बेअसर दिखे।
जसप्रीत बुमराह को ये क्या हुआ?
जसप्रीत बुमराह ने अब तक इस सीरीज में शानदार गेंदबाजी कर महफिल लूटी है। लेकिन मैनचेस्टर में खेले जा रहे मुकाबले में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी को निराश कर दिया। उनकी तेज गति गेंदबाजी धीमी गेंद में बदल गई। ऐसा हम नहीं बल्कि आंकड़े बयां कर रहे हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेले जा रहे मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने फेंकी गई 173 गेंदों में केवल एक बार 140 KMPH के आंकड़े को छुआ। इसके अलावा फेंकी गई 172 गेंदों में उनकी गेंद की रफ्तार 140 KMPH से कम थी।
इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में बुमराह ने अपने पहले मुकाबले में 266 गेंदें फेंकी थी, जिसमें उन्होंने 106 बार 140 KMPH या उससे अधिक रफ्तार के साथ गेंदबाजी की। वहीं लॉर्ड्स में खेले गए अपने दूसरे मैच में जस्सी ने फेंकी गई 257 गेंदों में 69 गेंदें 140 KMPH या उससे अधिक की रफ्तार से फेंकी थी। आंकड़े देख कर अंदाजा लगाया जा सकता है कि जस्सी मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में अपनी लय में नहीं हैं।
बुमराह को मिली एक सफलता
जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में 28 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 95 रन खर्च किए और केवल 1 विकेट अपने नाम किया। बुमराह के हर सवाल का जवाब इंग्लैंड के बल्लेबाजों के पास था। इसलिए शायद वह खासा कमाल इस मैच में नहीं कर सके। मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए हैं, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 544 रन बना चुकी है। इंग्लैंड के पास 186 रनों की बढ़त है।